Spread the love
शिमला। अगले विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा अपना चुनावी घोषणापत्र तैयार करने को आम जनता से सुझाव लगी। भाजपा ने इसे चुनाव दृष्टिपत्र नाम दिया है और सुझाव लेने के लिए वेब पोर्टल बनाने‌ का निर्णय लिया है। मंगलवार को यहां भाजपा चुनाव दृष्टिपत्र समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता चुनाव दृष्टिपत्र कमेटी के अध्यक्ष प्रो. सिकंदर कुमार ने की।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि बैठक में निर्णय लिया गया कि चुनाव दृष्टिपत्र के लिए सुझाव एकत्र करने के लिए वेब पोर्टल बनाया जाएगा। यह पोर्टल पार्टी और आम जनता के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगा। उन्होंने कहा कि वे समिति के सदस्यों के लिए एक व्हाट्सएप ग्रुप बना रहे हैं, जिसमें सदस्यों द्वारा प्राप्त सभी सुझावों को पोस्ट किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति विभिन्न राजनीतिक दलों के दृष्टिपत्र का आंकलन करने के लिए 12 सदस्यीय उपसमिति भी बनाएगी। साथ ही सभी जिलों व 68 विधानसभा क्षेत्रों से सुझाव लिए जाएंगे।
सिकंदर कुमार ने कहा कि समिति सभी राजनीतिक दलों और मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और हरियाणा जैसे विभिन्न राज्यों के पूर्व दृष्टिपत्र का भी अध्ययन करेगी। यह एक व्यापक राजनीतिक अध्ययन होगा, जो हमारे चुनाव दृष्टिपत्र को एक अत्यंत सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि समिति के सभी सदस्यों को कार्य वितरण संसदीय, जिला व मण्डलवार दिया जाएगा। वहीं, भाजपा सभी मंडलों में सुझाव पेटियां भी लगाएगी और इस अभियान की गति को तेज करने के लिए मंडल स्तर पर 8 से 10 सदस्यों की टीम गठित की जाएगी। इस अभियान का नाम भाजपा चुनाव दृष्टिपत्र समिति आपके द्वार होगा।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि समाज के सभी वर्गों जैसे मजदूर, शिल्पकार, व्यवसायी, ओबीसी, एससी, एसटी, कर्मचारी, महिला, सेब उत्पादक, टैक्सी यूनियन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, शिक्षाविद, पूर्व सैनिक और अन्य की बैठक भाजपा मुख्यालय में होगी। हम समाज के सभी वर्गों से सुझाव लेंगे। उन्होंने कहा कि इसी तरह की समिति संसदीय, जिला और मंडल स्तर पर गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का चुनाव दृष्टिपत्र विशेष होगा और इसे गोल्डन दृष्टिपत्र के रूप में जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि‌ जब एक आम आदमी किसी राजनीतिक दल का दृष्टिपत्र बनाने में शामिल होता है तो परिणाम अविश्वसनीय होता है। यह विजन दस्तावेज आम आदमी का विजन दस्तावेज होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, मंत्री ठाकुर महेंद्र सिंह, सुखराम चौधरी, डॉ. राजीव सैजल, विधायक डॉ. राजीव बिंदल, संगठन मंत्री पवन राणा, सदस्य डेजी ठाकुर, रश्मिधर सूद, चंद्रमोहन ठाकुर, ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर, घनश्याम शर्मा, उमेश दत्त, जेएस राणा, केआर भारती, बिहारी लाल शर्मा, खुशीराम बलनाटाह और केसी अग्निहोत्री ने भी बैठक में हिस्सा लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *