Spread the love
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के सभी नेताओं से विधानसभा चुनावों के लिए मैदान में डटने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस ने पहली बार अपने नेताओं को पार्टी टिकट के लिए आवेदन निःशुल्क रखे हैं, जिससे आम कार्यकर्ता भी आवेदन कर सके। उन्होंने कहा कि पार्टी के टप्रत्याशी का अंतिम फैसला अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की चुनाव समिति ही करेगी।
प्रतिभा सिंह ने पार्टी के कुछ नेताओं व पदाधिकारियों द्वारा अपनी जनसभाओं में पार्टी प्रत्यशियों को घोषित करने पर एतराज जताते हुए कहा है कि यह अधिकार केवल केंद्रीय आला कमान का है। इसलिए इसके अधिकारों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या हनन नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह एकजुटता के साथ तैयार है। प्रतिभा सिंह ने कहा की अपने दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के साथ प्रदेश मामलों के प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला से विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान प्रदेश के इन चुनावों पर अपनी पूरी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई है और जल्द ही सभी नेता अपनी इन जिम्मेदारियों को संभाल लेंगे।
प्रतिभा सिंह ने प्रदेश की जयराम सरकार पर आरोप लगाया है कि वह सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर पार्टी के चुनाव प्रचार में जुटी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोक लुभावन घोषणाएं कर प्रदेश के लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह डांवाडोल हो गई है। भारी बारिश के चलते करोड़ों का नुकसान हो चुका है। किसानों व बागवानों की फसलें बर्बाद हो चुकी है। सरकार ने इस नुकसान का धरातल पर कोई भी जायजा तक नहीं लिया है। सेब बागवानों की कोई भी मदद सरकार नहीं कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भाजपा के चुनावों को प्रभावित करने के किसी भी प्रयास पर कड़ी नजर रखने का आह्वान करते हुए कहा कि उनके ऊपर इसकी बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे उन्हें पूरी निष्ठा से निभाना है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही अपने सभी चुनावी वायदों को पूरा करेगी।कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन सरकार बनते ही 10 दिनों के भीतर लागू की जाएगी। बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार की व्यवस्था की जाएगी, जबकि किसानों, बागवानों सहित सभी कारोबारियों के हितों की रक्षा के लिए दीर्घकालिक योजनाएं बनाई जाएंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *