Spread the love
शिमला। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग जुब्बल-नावर-कोटखाई द्वारा खड़ापत्थर में कार्यकर्ता बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व राष्ट्रीय संयोजक सुरेश कुमार, जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में सुरेश कुमार ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई एक गौरवमयी विधानसभा क्षेत्र है। हिमाचल प्रदेश के दो विकास पुरुष पूर्व मुख्यमंत्री स्व. ठाकुर रामलाल, पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह ने जुब्बल नावर कोटखाई को सींचा है और उन्हीं के नक़्शे कदम पर चलते हुए विधायक रोहित ठाकुर क्षेत्र के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़े, शोषित और अनुसूचित जाति के लोगों को समाज में अधिकार और उचित मान-सम्मान दिलाने में कांग्रेस पार्टी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ अराजक तत्व समाज को बांटने की कोशिश में जुटे हैं और भाजपा सरकार मौन धारण किए हुए है।
सुरेश कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार का गत साढ़े चार सालों का कार्यकाल निराशाजनक रहा हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने के लिए कांग्रेस पार्टी के नेताओं के खिलाफ सरकारी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार सत्ता में आएगी।
जुब्बल नावर कोटखाई के विधायक रोहित ठाकुर ने कहा कि पिछले आठ महीनों से जुब्बल-नावर-कोटखाई में रुके हुए विकासात्मक कार्य को गति देने का प्रयास किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ठियोग-हाटकोटी सड़क योजना के शेष कार्य को इस वर्ष के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई का सर्वांगीण विकास कर आदर्श विधानसभा के रूप में विकसित करना उनके जीवन का मकसद है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2022 के विधानसभा चुनाव में कमर कसने का आह्वान किया।
ब्लॉक कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग जुब्बल नावर कोटखाई के अध्यक्ष मुन्नी लाल नरसेठ ने भी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित किया। इस बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों व जुब्बल नावर कोटखाई के विभिन्न क्षेत्रों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *