हमीरपुर। कौशल विकास निगम के प्रदेश समन्वयक एवं हिम आंचल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष नवीन शर्मा ने कहा कि हिम आंचल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी द्वारा युवा खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। युवा खेल उत्सव में दो खेलों वॉलीबॉल एवं कबड्डी को शामिल किया गया है।
नवीन शर्मा ने कहा कि युवा खेल उत्सव आयोजन पंचायत स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए हमीरपर विधानसभा को 9 ज़ोन में बांटा गया है। प्रत्येक ज़ोन में संचालन के लिए कमेटियों का गठन किया गया है। पंचायत स्तर पर अपनी जोन में जीत कर आई टीमों का फाइनल मुकाबला करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवा खेल उत्सव की फाइनल में विजेता टीम को 31000 रुपए व उपविजेता टीम को 21000 रुपए देकर सम्मानित किया जाएगा। पंचायत स्तर पर विजेता टीम को 3100 व उपविजेता टीम को 2100 रुपए प्रदान किए जाएंगे। खेल उत्सव के लिए पंजीकरण 15 जून से 21 जून तक किया जाएगा।
नवीन शर्मा ने कहा कि सोसाइटी के माध्यम से पूर्व में भी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि हिम आंचल एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसाइटी के माध्यम से फरवरी से लेकर जून तक मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया है, जिसमें जिला भर की 1000 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया है। इसके अलावा युवा चौपाल व समाज में विभिन्न गतिविधियां संस्था के माध्यम से की जाती रही है। नवीन शर्मा ने कहा कि खेल उत्सव का उद्देश्य युवाओं की खेलों में रुचि बढ़ाना है, ताकि युवा मैदानों में निकल कर आए एवं पंचायत स्तर पर प्रतिभाओं को निखारा जाए।
