शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने महंगाई के मामले पर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उसने कहा है कि देशभर की जनता महंगाई की मार झेल रही है, लेकिन भाजपा अपने स्थापना दिवस के जश्न मना रही है। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता अलका लांबा ने कहा कि हाल में संपन्न हुए पांच राज्यों में भाजपा को मिली जीत के बाद उसने देशभर की जनता को महंगाई का तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम तो बढ़ ही रहे हैं, किसानों पर खादों और रासायनिक उत्पादों के दाम बढ़ाकर उन्हें भी परेशान किया गया है। उन्होंने कहा कि आज हर क्षेत्र में कीमतें बढ़ी हैं और सरकार चुपचाप तमाशा देख रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महंगाई के मुद्दे पर आम जनता के साथ खड़ी थी, खड़ी है और खड़ी रहेगी। अलका लांबा ने शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि केंद्र सरकार ने 62 करोड़ किसानों पर कर का बोझ लादा है। खाद और खेती में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के दामों में बढ़ोतरी कर उन पर और बोझ लादा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजलों के दामों में 15 दिनों में ही 9.20 रुपए की बढ़ोतरी की है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज से ही मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में 26 लाख करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया है। उन्होंने कहा कि आज एलपीजी के दाम पूरे विश्व में भारत में सबसे अधिक हैं। लांबा ने कहा कि बेरोजगारी की बात करें तो विश्व में सबसे अधिक बेरोजगारी भी भारत में ही हैं। उन्होंने कहा कि देश की डूबती अर्थव्यवस्था से यहां हालात और खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की संसद में कांग्रेस ने महंगाई पर चर्चा के लिए नोटिस दिया था, लेकिन सरकार ने संसद का सत्र ही स्थगित कर दिया और इससे साफ है कि सरकार महंगाई और बेरोजगारी पर बात ही नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि भाजपा को महंगाई से ज्यादा चिंता स्थापना दिवस मनाने की है और अब सभी नेता इसमें व्यस्त हैं। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा हिमाचल आए हैं और अपने राज्य में ही उनका स्वागत हो रहा है। उन्होंने तंज कसा कि लगता है कि नड्डा अब दिल्ली के हो गए हैं और तभी यहां पर स्वागत किया जा रहा है, वरना अपने गृह राज्य में कौन स्वागत करवाता है। उनका कहना था कि कांग्रेस आम जनता को पेश आ रही दिक्कतों को उठा रही है और उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस सड़कों पर लड़ाई लड़ रही है और लड़ती रहेगी। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे हताश न हों और वह उनके साथ हमेशा खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई को लेकर आम जनता के साथ भद्दा मजाक कर रही है। उन्होंने कहा कि आम गरीब आदमी जो गर्मी में नींबू पानी पीता था, वह भी उसकी पहुंच से दूर कर दिया है। उन्होंने कहा कि इससे भद्दा मजाक गरीब के साथ क्या हो सकता है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा हिमाचल में आए हैं और वे बताएं कि महंगाई कब तक कम होगी और यहां की जनता की आवाज को नरेंद्र मोदी तक पहुंचाएंगे।
सरकार जनता को मूर्ख बनाना बंद करे, जनता सब जानती है – लांबा
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल में हुए उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार के बाद केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजलों के दाम कम किए थे और जैसे ही पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आए, इनके दाम फिर से बढ़ने लगे। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार कहती है कि दाम कंपनियां तय करती हैं तो कैसे चुनाव तक इनमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई और चुनाव खत्म होने के बाद एकदम से बढ़ोतरी होने लगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनता को मूर्ख बनाना बंद करे और जनता सब जानती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों में जनता फिर इस महंगाई पर भाजपा को सबक सिखाएगी।
हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस में ही मुकाबला – लांबा
अलका लांबा ने कहा कि हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है और कांग्रेस यहां की भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने वाली है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का यहां पर कुछ नहीं है और जैसा हाल उसका उत्तराखंड में हुआ है, वैसा ही यहां पर भी होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा धन-बल और सरकारी मशीनरी से भी यहां पर चुनाव नहीं जीत पाएगी और इस सरकार को सत्ता से बाहर करेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार बड़े मुद्दे हैं और इन्हें लेकर कांग्रेस गांव-गांव जाएगी और भाजपा की असलियत जनता के सामने रखेगी।
