Spread the love

शिमला। शिमला जिले के ठियोग ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष कंवर नरेन्द्र सिंह ने प्रदेश की जयराम सरकार पर ठियोग क्षेत्र के साथ भेदभाव का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय में ठियोग क्षेत्र में दर्जनों योजनाएं तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व विद्या स्टोक्स की दूरदर्शी सोच से शुरू हुई थी, परन्तु ये योजनाएं भाजपा सरकार की उदासीनता व भेदभाव भरी सोच के कारण अधर में लटकी हुई है। ठियोग के बाईपास का कार्य कछुआ गति से चल रहा है। ठियोग में अस्पताल की नई बिल्डिंग का 80 फीसदी से अधिक कार्य कांग्रेस की सरकार के समय पूर्ण हो चुका था, शेष कार्य जयराम सरकार की उदासीनता के कारण अभी तक पूरा नहीं हो सका है। वहीं, बस स्टैंड ठियोग का कार्य भी अभी तक पूर्ण नहीं हो सका है।

कंवर ने कहा कि वीरभद्र सिंह सरकार के समय में सैंज में आदर्श स्कूल के निर्माण के लिए बजट का प्रावधान किया गया था, लेकिन जयराम सरकार की उदासीनता के कारण आज तक उस स्कूल का निर्माण तो दूर की बात, बल्कि टेंडर प्रक्रिया तक पूर्ण नहीं हो सकी, जबकि जिस बिल्डिंग में सैंज में स्कूल चल रहा है उसे पहले ही अनसैफ घोषित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू किए कार्य, टियाली, ठियोग और बलग के स्कूल की बिल्डिंग का कार्य भी कछुआ गति से चल रहा है। उन्होंने कहा कि नारकंडा में कांग्रेस सरकार के समय खण्ड विकास अधिकारी की बिल्डिंग का शिलान्यास हुआ था और इसके लिए उचित बजट  का प्रावधान किया गया था, परन्तु इसका कार्य भी अधर में लटका हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जयराम सरकार द्वारा जानबूझकर ठियोग क्षेत्र के भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ब्लॉक कांग्रेस ठियोग इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाकर जनजागरण अभियान शुरू करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *