शिमला। शिमला जिले में उप-चुनाव जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में 78.75 प्रतिशत तथा मण्डी संसदीय लोकसभा उप-चुनाव के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 59.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। यह जानकारी आज यहां जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी ने दी।
नेगी ने बताया कि जुब्बल-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में कुल 70 हजार 792 मतदाताओं में से 55 हजार 749 ने मतदान किया, जिसमें से पुरुष 28868 तथा 26881 महिला मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि मण्डी संसदीय लोकसभा उप-चुनाव के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 74 हजार 117 मतदाताओं में से कुल 44166 मतदाताओं ने मतदान किया, जिसमें से 23435 पुरुष तथा 20731 महिला मतदाता शामिल हैं। आदित्य नेगी ने बताया कि जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र तथा मण्डी संसदीय लोकसभा उप-चुनाव के तहत रामपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से सफल रहा।
