Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में सोमवार से कोविड वेक्सीन का विशेष अभियान शुरू हो रहा है। इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार राज्य के सभी कोविड टीकाकरण केंद्रों में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा, जिसके लिए पूरे प्रदेश में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। इस अभियान के तहत पूरे राज्य में 809 टीकाकरण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 724 केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों और 85 टीकाकरण केंद्र शहरी क्षेत्रों में बनाए गए हैं। 21 जून, 2021 को 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग एक लाख पात्र लाभार्थियों का टीकाकरण करने का लक्ष्य रखा गया है।

कोविड टीकाकरण योजना के तहत स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, राज्य प्राथमिकता समूह और 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए टीकाकरण की पहली व दूसरी खुराक वीरवार, शुक्रवार और शनिवार के दिन लगाई जाएगी। वहीं, 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के वह लोग, जो स्वास्थ्य देखभाल कार्यकर्ताओं, अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं, राज्य प्राथमिकता समूह की श्रेणी में शामिल नहीं है, उनके लिए टीकाकरण सत्र सोमवार, मंगलवार और बुधवार के दिन आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार ने पिछले एक सप्ताह में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के अब तक 2.92 लाख लोगों का टीकाकरण किया है। राज्य में कोविड वैक्सीन के लिए 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लगभग 55 लाख पात्र लाभार्थी हैं और में लगभग 42 प्रतिशत पात्र आबादी को टीकाकरण की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। 

उधर, अब जनजातीय, दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण पंजीकरण ऑनसाइट किया जाएगा। शहरी क्षेत्र, नगर निगम, एनएसी और नगर परिषद व नगर पंचायतों में स्थापित किए गए टीकाकरण केंद्रों में केवल उन्हीं लोगों के लिए टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिन्होंने पूर्व में ही ऑनलाइन माध्यम से टीकाकरण अप्वाइंटमेंट ली है। स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्रों के पात्र लाभार्थियों से आग्रह किया कि असुविधा से बचने के लिए वह अपनी अप्वाइंटमेंट पूर्व में बुक करवाने के बाद ही टीकाकरण केंद्रों में आए। सरकारी कोविड टीकाकरण केंद्रों में निःशुल्क कोविड टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध होगी, जबकि निजी अस्पतालों में वैक्सीन उत्पादकों द्वारा वैक्सीन के निर्धारित मूल्य के अतिरिक्त अधिकतम 150 रुपए प्रति डोज सेवा शुल्क लिया जा सकता है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed