शिमला। ग्रीन न्यू शिमला सोसाइटी ने रविवार को यहां न्यू शिमला में एक समारोह में ऑनलाइन गार्डन फ्लावर कंपीटिशन के विजेता घोषित किए। सोसायटी ने साईं भवन सेक्टर 4 न्यू शिमला में 16 लोगों को ऑनलाइन गार्डन फ्लावर कंपटीशन -2021 में विजेता घोषित किया। सोसायटी की अध्यक्ष मासा सिंह ने विजेताओं को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर अनिल सिंह डिविजनल रिटेल हेड और ऑयल इंडस्ट्री कोऑर्डिनेटर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और सुशील राणा वन मंडल अधिकारी ग्रामीण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। माला सिंह ने अनिल सिंह का व इन्डियन ऑयल कॉरपरेशन का पिछले 2 वर्षों से सोसाइटी का लगातार सहयोग करने पर आभार जताया। उन्होंने समय-समय पर
सांई भवन में कार्यक्रमों के लिए जगह उपलब्ध करवाने के लिए सांई इंजीनियरिंग फाउनडेशन के सीईओ आरके वर्मा का भी आभार जताया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए सोसायटी के सचिव डॉ. अमरपाल कोचर ने बताया कि जून के पहले हफ्ते में न्यू शिमला के निवासियों से सोसाइटी ने 11 विभिन्न वर्गों के अंतर्गत उनके घरों में लगाए गए पौधों के चित्र ऑनलाइन मंगवाए। इन वर्गों में टेरेस गार्डन, सीजनल फूल, गमलों में लगाए गए फूल, स्टेयरकेस गार्डन लार्ज गार्डन, टाइनी गार्डन इत्यादि जैसी विभिन्न श्रेणियां शामिल की गई। न्यू शिमला के निवासियों ने इसमें बढ़ चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों से 34
ऐन्टरीज़ मिली और 16 सदस्य विभिन्न श्रेणियों में विजयी रहे। इस प्रतियोगिता को निष्पक्ष ढंग से सफल बनाने में तीन जजों का योगदान रहा। उन्होंने प्रो. पीके आहलूवालिया, प्रो. विपन गुप्ता और डॉ. अनिल कुमार ठाकुर का इसमें सहयोग के लिए आभार जताया।
इस मौके पर डॉ. जीएस वजीर और सुशील राणा मंडलीय वन अधिकारी ग्रामीण को 13 जून को आयोजित वेबीनार में बतौर स्पीकर शामिल होने पर सम्मानित किया गया।
अपने सदस्यों को प्रोत्साहित करने के लिए ग्रीन न्यू शिमला सोसाइटी ने सभी रजिस्टर्ड सदस्यों को एक-एक फूल का गमला भेंट किया। कोविड प्रोटोकॉल के तहत सभी सदस्यों को आमंत्रित नहीं किया जा सका, इसलिए उनके घरों में यह भेंट पहुंचाई जाएगी।
ये रहे विजेता
रनिंग ट्रॉफी तरविंदर कोचर को सबसे ज्यादा अंक हासिल करने पर मिली। विभिन्न श्रेणियों में जीतने वाले गीता कपूर, रवीन सिंह, नीना सूद, उषा मनचंदा, उषा शर्मा, एसएन कपूर, रंजना आहलूवालिया, मनीष नेगी, मीनू जीवन, संजय सूद, लव शांडिल, अंशु सूद, हरशरण कौर, राहुल महेश्वरी, विनीता स्वराज और सृष्टि चौहान आदि रहे।
