Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है उसने प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या की है। उन्होंने सोलन जिला के धर्मपुर विकास खंड में मतदान किए 25 चुनाव मत पत्रों के खुले ढेर में मिलने पर हैरानी जताते हुए कहा कि आज प्रदेश में भाजपा के इस शासनकाल में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

राठौर ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में प्रदेश सरकार की कारगुजारी पर असंतोष जताते हुए कहा कि प्रदेश में लोकतंत्र की हत्या हुई है। उन्होंने कहा कि एक जगह पर मुहर लगे मतपत्रों का खुले में मिलना साफ इंगित करता है कि प्रदेश में इन चुनावों में बहुत बड़ी धोखाधड़ी व गड़बड़ियां हुई हैं। अब इसके बाद इन चुनाव परिणामों की निष्पक्षता पर बहुत बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।
कुलदीप राठौर ने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मसले को लेकर भारत के मुख्य चुनाव आयोग के समक्ष जाएगी और सरकार की इस कारगुजारी के खिलाफ अपना रोष प्रकट करते हुए भाजपा के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि यह मामला बहुत ही संगीन और गंभीर है, जिसे हलके में कदापि नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा ने भारत के संविधान को ह्रास करने और लोकतंत्र की हत्या का जो प्रयास किया है, उसे उसकी कठोर सजा मिलनी ही चाहिए। कांग्रेस लोकतंत्र बचाने के लिए एक बड़ा आंदोलन  करेगी।
राठौर ने आगे कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा ने जिस प्रकार चुनाव परिणामों के बाद जनादेश को धनबल, जोर जबरदस्ती से प्रभावित किया है उससे साफ है कि प्रदेश में जनमत उसके खिलाफ है। उन्होंने कहा कि नगर निकाय व पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों बीडीसी व जिला परिषद में भाजपा को मुंह की खानी पड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश के मुख्यमंत्री, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अपने-अपने घरों में हारने के बावजूद उनके अधिकृत प्रत्याशियों को हराकर जो लोग आए हैं, उन्हें भाजपा ने जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पद पर बिठाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनमत को चुराकर मतदाताओं का अपमान कर रही है, जिसके लिए लोग उसे कभी माफ नहीं करेंगे। आने वाले नगर निगम के चुनावों में भाजपा को फिर से मुंह की खानी पड़ेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed