Spread the love

कुल्लू।कुल्लू जिले का 22वां जनमंच 14 फरवरी को मनाली विधानसभा क्षेत्र के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाशिंग में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा, भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर करेंगे। उपायुक्त डाॅ. ऋचा वर्मा ने बताया कि मनाली विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस जनमंच कार्यक्रम में विभिन्न 14 ग्राम पंचायतों बंदरोल, जिंदौड़, बाशिंग, कोठी सारी, बसतोरी, नलाहच, बनोगी, बैंची, शिरड़, रायसन, देवगढ़, मंडलगढ़, सिलींगेह तथा हुरंग के लोगों की शिकायतों को सुना जाएगा और उनका समाधान किया जाएगा। डीसी ने कहा कि जनमंच में सभी विभागों के अधिकारियों को उनसे संबंधित शिकायतों के बारे में पूरी जानकारी व रिकार्ड के साथ आने को कहा गया है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनमंच के दौरान अपने-अपने विभाग से सम्बंधित प्रदर्शनी स्टाल में बैनर पर हिमाचल पूर्ण राज्यत्व का स्वर्ण जयंती वर्ष का लोगो लगाना सुनिश्चित करें।डा. ऋचा वर्मा ने कहा कि जनमंच कार्यक्रम की मुख्य विशेषता है कि इसमें संबंधित ग्राम पंचायतों के लोगों की शिकायतों को कार्यक्रम से 15 दिन पहले प्राप्त किया जाता है। उसके उपरांत इन शिकायतों को ई-समाधान पोर्टल पर अपलोड करके संबंधित विभागों को आगामी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों की शिकायतें संबंधित पंचायत सचिव अथवा सहायक द्वारा सभी कार्य दिवसों में प्राप्त करके इन्हें अलग से शिकायत रजिस्टर में दर्ज करना होता है। उन्होंने कहा कि जनमंच में प्रस्तावों, मांगों, कर्मचारियों के तबादले, रोजगार प्रदान करना तथा नई परियोजनाओं की स्वीकृति जैसे मामलों को स्वीकार नहीं किया जाता है। पंचायत सचिव अथवा सहायक प्राप्त शिकायतों को हर रोज संबंधित खंड विकास अधिकारी को अग्रेषित करता है और इन्हें जनमंच पोर्टल पर खंड विकास अधिकारी द्वारा अपलोड किया जाता है। उपायुक्त ने सभी विभागों को उनसे संबंधित शिकायतों के समाधान को लेकर अभी से तैयारियां करने को कहा है।
शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मनाली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाशिंग में आयोजित होने वाले 22वें जनमंच कार्यक्रम के दौरान यचनित की गई सभी 14 ग्राम पंचायतों बंदरोल, जिंदौड़, बाशिंग, कोठी सारी, बसतोरी, नालहच, बनोगी, बैंची, शिरड़ , रायसन, देवगढ़, मंडलगढ़, सिलींगेह तथा हुरंग के नव निर्वाचित  बीडीसी सदस्यों, प्रधानों, उप प्रधानों तथा वार्ड पंचों से अपील करते हुए उन्हें जनमंच कार्यक्रम में विशेष रूप से आमंत्रित किया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed