शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कांग्रेस सोशल मीडिया की महता पर जोर देते हुए कहा है कि इसे और कारगर बनाया जाना चाहिए। उन्होंने पार्टी के पदाधिकारियों से अपने-अपने सोशल मीडिया अकाउंट बनाने और प्रदेश सोशल मीडिया के साथ तालमेल करते हुए इससे जुड़ने को कहा है।
आज प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया के पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में पाटिल ने कहा कि देश मे कोरोना माहमारी और लॉक डाउन के चलते कोई भी सूचना सोशल मीडिया के माध्यम से तुरन्त ही आम लोगों तक पहुंच रही है। अखिल भारतीय कांग्रेस सोशल मीडिया के अध्यक्ष रोहन गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में सोशल मीडिया बेहतर कार्य कर रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रदेश सोशल मीडिया की पूरी टीम को अपनी बधाई दी।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश मे कोरोना माहमारी के चलते लॉक डाउन की वजह से प्रदेश के सभी भागों में किसी भी समस्या की पूरी जानकारी सोशल मीडिया के द्वारा उन्हें तुरन्त मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी से जुड़े लोग भी सोशल मीडिया पर उन्हें प्रदेश के पल-पल की खबर उन्हें दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मीडिया सैल पूरी जिम्मेदारी से अपना कार्य कर रहा है। सोशल मीडिया की पूरी टीम एकजुटता से कार्य कर रही है, जिसके लिए वह बधाई की पात्र है।
प्रदेश सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिषेक राणा ने कहा कि वह कांग्रेस सोशल मीडिया में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का पूरा प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनकी टीम पूरे तालमेल से अपना कार्य कर रही है। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश भर के 100 कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मुद्दों पर अपने-अपने विचार रखते हुए कहा कि वह लोगों की समस्याओं की पूरी सूचना फेसबुक और वीडियो के द्वारा सोशल मीडिया प्रमुख को भेज रहे हैं।इस दौरान प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा, आपदा सैल के प्रभारी हरि कृष्ण हिमराल प्रमुख तौर पर उपस्थित थे।
