शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष, भाजपा पर टिप्पणी करने से पहले अपनी पार्टी की दयनीय स्थिति को संभाले। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का स्थापना दिवस था, तो उनके राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी विदेश यात्रा पर चले गए और उनको बचाने के लिए सभी कांग्रेसी नेताओं को उतरना पड़ा।
सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस अपने जिला परिषद के प्रत्याशियों में ही उलझ गई है। पहले ही राउंड में कुलदीप राठौर, सुखविंदर सुक्खू, मुकेश अग्निहोत्री और वीरभद्र सिंह ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। कांग्रेस के अध्यक्ष अपने ही नेताओं को संभाल नहीं पा रहे हैं। ऐसे में कुलदीप राठौर स्पष्ट करें कि वह किस ग्रुप के अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 136 साल में कांग्रेस आज एक क्षेत्रीय दल से भी नीचे की पार्टी बनकर रह गई है। उसका ग्राफ दिन प्रतिदिन गिर रहा है और वह दिन दूर नहीं, जब कांग्रेस का नाम ही मिट जाएगा।
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष लोकतंत्र की बात करते हैं, लेकिन वह शायद भूल गए कि कांग्रेस की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लागू की थी, क्या वह लोकतंत्र था। भाजपा सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास के नारे के साथ चलती है। उन्होंने कहा कि जनता ने लगातार देश और प्रदेश में हर चुनाव में कांग्रेस को उनका असली चेहरा दिखाया है। हर जगह कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है। उनका कहना था कि आने वाले पंचायती राज चुनावों में भी कांग्रेस को प्रदेश की जनता दर किनार करेगी।
कश्यप ने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ का सहारा लेकर सत्ता में आती है, लेकिन भाजपा सिद्धांतवादी राजनीतिक दल है। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को आत्मनिर्भर बनाया है, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा परिवार सीमित राजनीति की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अपनी पार्टी में अकेले पड़ गए हैं। उनका साथ प्रदेश में कांग्रेस के अन्य नेता भी नहीं दे रहे हैं।
