शिमला। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता शशि दत्त और प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी करण नंदा ने कहा है कि कांग्रेस हीन भावना से ग्रसित लोगों का टोला है। उन्होंने मंडी से संसद राम स्वरूप शर्मा एवं कांगड़ा से किशन कपूर के लॉक डाउन में अपने संसदीय क्षेत्र आने पर प्रश्न खड़ा करने पर जवाब देते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में संसाद अपने संसदीय क्षेत्र आए हैं और वह भी सभी नियमों का पालन करने के बाद आए हैं।
इन भाजपा नेताओं ने कहा कि यह चुने हुए प्रतिनिधि का दायित्व है कि वह संकट के समय अपने क्षेत्र में अपने लोगों के दुख-सुख में उनके साथ खड़ा रहे न कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तरह ऐसे समय अज्ञात वास पर चले जाएं। इन भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस हार-हार कर हताश हो गई है और अब ऐसे संकट के समय मे भी सिर्फ राजनीति ही कर रही है, जबकि ऐसे समय में प्रदेश और देश की जनता के साथ इस महामारी से निकलने के लिए सरकार का सहयोग करना चाहिए। जो लोग आज प्रश्न खड़ा कर रहे हैं उनको भी भाजपा सलाह देना चाहती है कि प्रदेश के जनमानस के साथ इस दुख की घड़ी में खड़ा होकर जनता की सेवा करें नहीं तो पहले की तरह जमानत के भी लाले पड़ जाएंगे।
इन नेताओं का कहना है कि राम स्वरूप जब तक दिल्ली में थे, वहां भी पूरी गाइडलाइन का पालन किया तथा 9 तारीख को दिल्ली में पुलिस अधिकारी को सूचना देकर ज़िलाधीश मंडी व कांगड़ा से कर्फ्यू पास के लिए आवेदन किया। कर्फ्यू पास मिलने के उपरांत ही सांसद ने दिल्ली से अपने संसदीय क्षेत्र के लिए प्रस्थान किया तथा जोगिन्दरनगर पहुंचने पर भी प्रसाशन को सूचना देकर अपनेआप को क्वारंटाइन कर में रखा है और यह सांसद की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह ऐसी महामारी के समय जनता के दुख दर्द में उनके पास रहे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस समय राजनीति छोड़कर प्रदेश की जनता की सेवा के लिए आगे आये और प्रदेश के मुख्यमंत्री को सहयोग करे, तुच्छ राजनीति में न ही तो कांग्रेस का भला होने वाला है और न ही प्रदेश की जनता का।
