शिमला। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश शर्मा बबली ने आज शिमला में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा आजादी के बाद केन्द्र सरकार ने किसान हित में ऐतिहासिक फैसले लिये हैं। इसमें किसान सम्मान निधि योजना भी शामिल हैं। इस योजना में 10 करोड़ किसानों को उनके खाते में लगभग 95 हजार करोड़ रूपये दिये हैं, जिससे नरेंद्र मोदी कि नीयत और नीति कृषि और किसान के हित में रही है व 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य के करीब है। इसके लिए केन्द्र सरकार ने कृषि उपज मंडी समिति बिल लाई है जो कि किसानों की आय को 2022 तक दोगुना करेगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि किसान मोर्चा कृषि बिल के पक्ष में जनजागरण व जनसंपर्क अभियान चलाएगा, जिसके तहत किसान मोर्चा का कार्यकर्ता प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर इस बिल की विस्तृत जानकारी देगा। कुछ राजनैतिक पार्टी निजी स्वार्थों, राष्ट्र विरोधी ताकतें किसानों की आड़ में अपने स्वार्थ को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं, जिसे भाजपा किसान मोर्चा कभी भी सफल नहीं होने देगा। डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार व केन्द्रीय कृषि मंत्री हमेशा से सुझाव व वार्ता के लिए आग्रह कर रहे हैं, लेकिन ये स्वार्थी लोग फिर भी कानून निरस्त करने ही अड़े हैं। उन्होंने कहा कि छोटे किसानों, पशुपालकों, मछुआरों को किसान क्रेडिट कार्ड मिलने व यूरिया की नीम कोटिंग से जिनके गैर कानूनी धंधे बंद हो गए हैं, उनको आज समस्या हो रही है। इसका किसान मोर्चा विरोध करता है, जबकि किसान संगठनों को सहयोगी बन कर समस्या का निवारण करना चाहिए। इसके विपरीत राष्ट्र विरोधी ताकतें किसानों को भड़काने का कार्य कर रही है। डॉ. शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के बार-बार कहने पर कि ‘‘न्यूनतम समर्थन मूल्य’’ भविष्य में यथावत रहेगा तथा मंडियों में भी किसान अपना उत्पादन पूर्व की भांति ही बेच सकता है व केन्द्र सरकार लिखित में देने को तैयार है। भाजपा नेता ने कहा कि जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है न्यूनतम समर्थन मूल्य में डेढ गुणा बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में मोदी सरकार किसानों की विरोधी कैसे हो सकती है, जबकि आज जो पार्टियां विरोध कर रही है पूर्व में हुये चुनाव उनके घोषणा पत्र में इस बिल के संशोधन का उल्लेख किया गया था। उनका कहना था कि केन्द्र सरकार कृषकों की हितेषी रही है, जिसके कारण बिहार विधानसभा, राजस्थान में पंचायत चुनाव में भाजपा ऐतिहासिक जीत से स्पष्ट होता है कि केन्द्र सरकार द्वारा किसानों के हित में अनेकों योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंच रहा है।
डॉ. राकेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल में भाजपा सरकार जबसे सत्ता में आई है, पहले दिन से ही किसानों के हित में योजनाएं लाई हैं। प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना जैसी जहर मुक्त खेती किसान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने अभी-अभी 197 करोड़ के मंडियों व हिमाचल सरकार का पहला कोल्ड स्टोर किसान बागवान के लिए शिलान्यास किया है। ऐसे में भाजपा की सरकारें हमेशा किसान हितेषी रही है। उन्होंने कहा कि इस बिल के समर्थन में किसान मोर्चा जनजागरण अभियान चला कर 3 लाख हस्ताक्षर करवाकर बिल की संपूर्ण जानकारी किसानों को देगा।
