Spread the love

शिमला। देश के नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के भारत बंद के समर्थन में आज कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लिफ्ट के समीप धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चक्का जाम किया। कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने पहले ही इस मार्ग पर यातायात को बंद कर दिया था। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने नए कृषि कानून के विरोध करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और इन कानूनों को किसान विरोधी बताया। 
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान केंद्र सरकार द्वारा एकाएक पहले कृषि कानून पर अध्यदेश लाए गए और बाद में जल्दबाजी में विपक्ष व किसान नेताओं से विचार विमर्श किये बगैर इसे कानून का रूप दे दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीयत में खोट था। राठौर ने कहा कि सरकार आज भी इन किसानों के साथ वार्ता की लीपापोती कर रही है। देश का किसान पिछले 12 दिनों से सड़कों में खड़ा है। उन्होंने कहा कि आज का उनके भारत बंद का कांग्रेस ने पूरा समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों को बड़े पूंजीपतियों के हवाले करने की सरकार की साजिश सफल नहीं होने दी जाएगी। राठौर ने कहा कि कांग्रेस किसानों के इस आंदोलन में उनके साथ खड़ी है। सरकार को यह काले कानून सरकार वापिस लेने ही होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज पूरे प्रदेश में जिला व ब्लॉक स्तर पर किसानों के साथ खड़ी है व उनके समर्थन में धरना प्रदर्शन आयोजित कर रही है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष विधायक हर्षवर्धन चौहान व नंद लाल, कांग्रेस महासचिव विधायक मोहन लाल ब्राक्टा के अतिरिक्त महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भी इस धरना प्रदर्शन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों व किसान विरोधी कानूनों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में किसानों के साथ अन्याय सहन नहीं होगा। इस धरना प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, जिला शिमला शहरी व ग्रामीण के पदाधिकारियों समेत युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *