Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह किसानों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार को आलोचना करते हुए कहा है कि किसान विरोधी उनकी नीतियों ने आज देश के किसानों को अपनी आवाज उठाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर कर दिया है। उन्होंने कहा है कि किसान, जो मानव जाति का अन्न दाता है, आज सरकार की दमनकारी नीतियों का शिकार बन गया है।
कुलदीप सिंह राठौर ने किसानों को अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली कूच से रोकने के भाजपा सरकार के प्रयासों की कड़ी निंदा की‌ और कहा कि वह किसानों के संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजाद भारत में कृषि के काले कानून बनाकर सरकार आज किसानों को फिर से गुलाम बनाने के प्रयास कर रही है।
राठौर ने कहा कि देश का किसान आज अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। उन्होंने कहा कि किसानों की चिंता पूरी तरह बाजिव भी है। उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों से किसान इन नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं,‌लेकिन केंद्र ने इनको पूरी तरह अनसुना किया है।
राठौर ने कहा कि किसानों के अल्टीमेटम के बाद उनका दिल्ली कूच कोई गलत कदम नहीं है। किसानों के साथ-साथ देश के लोगों को अपनी बात कहने व सरकार के किसी भी निर्णय के खिलाफ आंदोलन करने का पूरा संवैधानिक अधिकार है, जिसे कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने किसानों पर लाठीचार्ज, आंसूगैस छोड़ने व पानी की बौछारें फेंकने की निंदा की और कहा कि भाजपा का किसान विरोधी चेहरा सामने आ गया है।
राठौर ने कहा देश के किसान अब एकजुट हो गए हैं। उनकी आवाज को मोदी सरकार अब नहीं दबा सकती। उन्होंने कहा कि देश के किसान ही अब इस अहंकारी व तानाशाही मोदी सरकार के पतन का कारण बनेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *