13 करोड़ मतदाताओं को मताधिकार से वंचित करने के आरोपों पर भाजपा को घेरा
जिंटा ने रामलीला मैदान की महारैली को बताया जनआंदोलन का आगाज
शिमला। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा द्वारा शिमला में निकाली गई पदयात्रा को वोट चोरी के मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने की नाकाम कोशिश करार दिया है। प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बन रहा है और उसकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।
विनोद जिंटा ने भाजपा की ओर से निकाली गई पदयात्रा, जिसे ‘अराजकता हटाओ, देश बचाओ’ का नारा दिया गया, पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा हमेशा झूठ के सहारे राजनीति करती आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ मिलकर देश के 13 करोड़ मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का गंभीर पाप किया है। इसके लिए देश की जनता भाजपा को कभी माफ नहीं करेगी।
विनोद जिंटा ने कहा कि भाजपा ने लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। राम मंदिर के नाम पर चंदा चोरी, लोकतंत्र में वोट चोरी और संविधान के साथ खिलवाड़ जैसे मुद्दों को लेकर जनता के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए पदयात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रही है, लेकिन जनता अब इन मुद्दों को नजरअंदाज नहीं करेगी।
जिंटा ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली को भाजपा के खिलाफ बड़े जनआंदोलन का आगाज बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए उठी यह आवाज देशभर में और मजबूत होगी।
