Spread the love

कहा – विद्यार्थी अनुशासित जीवन अपनाएं, संतुलित आहार लें तथा फास्ट फूड से रहें दूर 

राजकीय उच्च पाठशाला चुवाड़ी और टकरेड़ा में विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम में बोले तकनीकी शिक्षा मंत्री 

बिलासपुर। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में अपना लक्ष्य निर्धारित करने के साथ-साथ एक रोल मॉडल भी चुनना चाहिए, ताकि वे अपने भविष्य की दिशा तय कर सकें और उसे प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ सकें। वे वीरवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय उच्च पाठशाला चुवाड़ी तथा टकरेड़ा में विद्यार्थियों के साथ आयोजित संवाद सत्र के दौरान बोल रहे थे।

राजेश धर्माणी ने कहा कि समय का सदुपयोग, अनुशासन और निरंतर मेहनत सफलता की राह को आसान बनाते हैं। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान तक सीमित न रहकर नवाचार, अनुसंधान और नए कौशल सीखने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए, जिससे उनकी प्रतिभा निखरेगी और वे भविष्य में देश एवं प्रदेश की आर्थिक प्रगति में योगदान दे सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और अनुशासन के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेलकूद, रचनात्मक गतिविधियों तथा कौशल विकास पर विशेष ध्यान देने के लिए भी प्रेरित किया। 

बद्धाघाट में 3.5 करोड़ रुपये से बनेगा फुटबॉल मैदान, सुनिश्चित होगी बेहतर खेल सुविधाएं 

संवाद सत्र के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से उनकी पसंद के खेलों के बारे में जानकारी ली। विद्यार्थियों ने फुटबॉल में रुचि व्यक्त करने पर उन्होंने कहा कि घुमारवीं के बद्धाघाट में लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत से फुटबॉल मैदान का निर्माण किया जा रहा है। इस मैदान के बनने से क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को फुटबॉल खेलने के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता निखारने और आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।

विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय कुल्लू-मनाली तथा बाघा बार्डर, गोल्डन टैंपल शैक्षणिक भ्रमण की होगी व्यवस्था‌ 

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने तकनीकी शिक्षा मंत्री के समक्ष शैक्षणिक भ्रमण पर जाने की इच्छा व्यक्त की। इस पर राजेश धर्माणी ने कहा कि चुवाड़ी स्कूल के बच्चों के लिए दो दिवसीय कुल्लू-मनाली जबकि टकरेड़ा स्कूल के विद्यार्थियों के लिए बाघा बार्डर, गोल्डन टेंपल तथा जलियांवाला बाग अमृतसर का शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और उनके ज्ञान का दायरा भी बढ़ेगा।

विद्यार्थी अनुशासित जीवन अपनाएं, संतुलित आहार लें तथा फास्ट फूड से रहें दूर 

राजेश धर्माणी ने विद्यार्थियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए अपनी दिनचर्या में व्यायाम, खेलकूद और मेडिटेशन को शामिल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सुबह जल्दी उठने, नियमित व्यायाम करने और संतुलित आहार अपनाने से शरीर स्वस्थ रहता है तथा कार्यक्षमता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को हरी सब्जियां और पौष्टिक भोजन खाने, फास्ट फूड से दूरी बनाए रखने तथा पैकेटबंद खाद्य पदार्थों का सेवन कम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन समाचार पत्रों की सुर्खियां और पत्रिकाएं पढ़ने की आदत विकसित करने के लिए भी प्रेरित किया। 

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनना, सही निर्णय लेना और समाज एवं देश के विकास में सकारात्मक योगदान देना भी है। विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए और अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए।

इस अवसर पर उप निदेशक उच्च शिक्षा (स्कूल) नरेश चंदेल सहित विद्यालय के सभी अध्यापक उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *