Spread the love

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में हुआ प्रदर्शन, ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के लगाए नारे 

रजनी पाटिल, मुकेश अग्निहोत्री समेत कई बड़े‌ नेता रहे प्रदर्शन में शामिल 

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ शुक्रवार को शिमला में चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर उग्र विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हिमाचल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार के नेतृत्व में किया गया। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। साथ ही बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता चुनाव आयोग के कार्यालय के बाहर जुटे और केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और सीईसी ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के कार्यालय के बोर्ड पर काले और केसरी रंग से कुछ अपशब्द लिखकर अपना विरोध जताया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था‌ कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल सामने आ रहे हैं और चुनाव आयोग को इनका जवाब देना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया तथा मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर अपना विरोध जताया।

चुनाव में गड़बड़ी का हो गया पक्का विश्वास, राहुल गांधी तीन साल से उठा रहे हैं चुनाव में गड़बड़ी का मुद्दा – रजनी पाटिल 

प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा कि पिछले करीब तीन साल से कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार चुनाव में गड़बड़ी और वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस को पक्का विश्वास हो गया है कि चुनाव में गड़बड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ कार्यक्रम के जरिए इस मुद्दे को देशभर में उठाया है और अब इस लड़ाई को जनता तक ले जाया जाएगा। रजनी पाटिल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दो सदस्यों की ओर से कई बार आपत्ति दर्ज कराए जाने के बावजूद उन पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि अगर इसी तरह चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली चलती रही तो देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर स्थिति पैदा होगी। उन्होंने चुनाव आयुक्तों को लेकर बनाए गए कानूनी प्रावधानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के सदस्यों को इस तरह संरक्षण दिया गया है कि उन्हें हटाना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेगी और इसे जनता के बीच लेकर जाएगी। रजनी पाटिल ने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत अलग-अलग राज्यों में हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में भी गड़बड़ी के आरोप लगाती रही है। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव इसी तरह होंगे तो लोकतंत्र केवल नाम का रह जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों का विरोध करेगी और चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन जारी रखेगी। रजनी पाटिल ने कहा कि जनता के बीच इस मुद्दे को लेकर जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर लोगों को लगता है कि चुनाव प्रक्रिया में सुधार होना चाहिए तो इस लड़ाई में जनता भी आगे आएगी।

ज्ञानेश कुमार को तुरंत सीईसी पद से हटाया जाए: विनय कुमार 

हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विनय कुमार ने कहा कि हाल ही में सामने आई रिपोर्ट में चुनाव आयोग के दो सदस्यों की ओर से कई बार आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि ऐसे में ज्ञानेश कुमार को पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है और उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को जन आंदोलन बनाएगी। उन्होंने कहा कि सोमवार और मंगलवार को प्रदेश के सभी जिलों में प्रदर्शन किए जाएंगे और इस मामले को जनता के सामने रखा जाएगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed