Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया अपने अध्ययन प्रवास को आगे बढ़ाते हुए बुधवार रात इटली के प्रसिद्ध शहर मिलान से फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी पहुंचे। पठानिया 21 से 25 सितंबर तक मिलान के अध्ययन प्रवास पर हैं।

मिलान प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों, शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक क्षेत्रों का दौरा किया तथा वहां की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का हिमाचल प्रदेश एवं भारत के संदर्भ में तुलनात्मक अध्ययन किया। मिलान को फैशन और डिजाइन की राजधानी के साथ-साथ ऐतिहासिक, आर्थिक और वास्तुकला की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण शहर माना जाता है।

इस दौरान पठानिया ने कहा कि मिलान अपनी खूबसूरती और बेहतर शहरी नियोजन के कारण बेहद आकर्षक शहर है। उन्होंने कहा कि शहर को विकसित करने में यहां के वास्तुकारों और शिल्पकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

पठानिया ने मिलान में भारतीय समुदाय के लोगों तथा स्थानीय नागरिकों से भी मुलाकात कर संवाद किया। उन्होंने भारतीय समुदाय से आह्वान किया कि विदेशों में अर्जित धन का एक हिस्सा भारत में निवेश किया जाए, ताकि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा हों।

उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के सबसे युवा देशों में शामिल है और देश की युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रभावी ढंग से उपयोग करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति के सामर्थ्य का सही उपयोग कर भारत को मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में विकसित किया जा सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष का 23 से 24 सितंबर तक फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में अध्ययन प्रवास रहेगा। इसके बाद वह फिनलैंड के लैपलैंड क्षेत्र की राजधानी माने जाने वाले रोवानीमी जाएंगे। पठानिया 25 और 26 सितंबर तक रोवानीमी के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे। रोवानीमी आर्कटिक सर्कल के निकट स्थित है और सांता क्लॉज के आधिकारिक गृह नगर के रूप में प्रसिद्ध है। शहर अपनी प्राकृतिक सुंदरता, उत्तरी रोशनी और अनूठे पर्यटन आकर्षणों के लिए दुनिया भर में जाना जाता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed