Spread the love

कहा – इससे छितकुल में पर्यटन गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा 

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शुक्रवार को किन्नौर जिला के दूरदराज गांव छितकुल के एक दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यों के शिलान्यास किए।

राजस्व मंत्री ने वन विभाग द्वारा छितकुल में 03 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से  एक हेक्टेयर में बनने वाले ईको पार्क का शिलान्यास किया। उन्होंने रिमसरंग से रानी कंडा तक 02 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से किए जाने वाले वन्यजीव सौंदर्यीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया। इसमें प्रवेश द्वार टिकट स्थल पर हिम तेंदुए की आकृति का निर्माण, प्राकृतिक झील का सौंदर्यीकरण एवं रिटेनिंग वॉल का निर्माण, मुजलंग से भुजलंग धार तक पैदल मार्ग का निर्माण, मुजलंग स्थित प्राकृतिक झील का सौंदर्यीकरण भुजलंग टॉप पर दृश्यावलोकन स्थल का निर्माण, पार्किंग क्षेत्र एवं ईको-शौचालय का निर्माण (पुरुष/महिला), पार्किंग क्षेत्र से मुजलंग स्थित सेल्फी स्थल तक पैदल मार्ग बच्चों के लिए खेल क्षेत्र का निर्माण विश्राम स्थल एवं गज़ीबो का निर्माण, रानी कांडा पुल से गिरे तक पैदल मार्ग का निर्माण शामिल हैं। उन्होंने लगभग 14 लाख 50 हजार रुपये की लागत से निर्मित होने वाले भेड़ डिपिंग टैंक तथा भेड़ ऊन कतराई भवन के निर्माण कार्य की भी आधारशिला रखी।

राजस्व मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि छितकुल जैसे दूरदराज क्षेत्रों में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण तथा पशुपालन से संबंधित सुविधाओं के विकास से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि छितकुल में ईको पार्क के निर्माण से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ स्थानीय जैव विविधता को संरक्षित करने में मदद मिलेगी। ईको पार्क के माध्यम से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को प्रकृति एवं वन्य जीवों के प्रति जागरूक करने तथा प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि रिमसरंग से रानी कंडा तक वन्यजीव सौंदर्यीकरण कार्य से क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप को और आकर्षक बनाया जा सकेगा तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ने के साथ क्षेत्र की आर्थिकी को भी मजबूती मिलेगी। राजस्व मंत्री ने छितकुल में लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि छितकुल में पर्यटन की आपार संभावना को देखते हुए भविष्य में राफ्टिंग शुरू किया जाएगा और उच्च स्तर का राफ्टिंग प्रतियोगिता करवाया जाएगा। उन्होंने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 15 हजार रुपए देने की भी घोषणा किया।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री के धर्म पत्नी सुशीला नेगी, पंचायत समिति अध्यक्ष कल्पा प्रतिमा नेगी, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) कल्पा प्रवीण भारद्वाज, पुलिस उपाधीक्षक वरुण पटियाल, एपीएमसी निदेशक एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, सहकारी बैंक निदेशक पीताम्बर दास, निदेशक किनफेड सचिन नेगी,वन मंडलाधिकारी (वन्य जीव अभयारण्य) अशोक नेगी, ग्राम पंचायत छितकुल की प्रधान रवीना नेगी, उप प्रधान सुधीर सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *