Spread the love

शिमला। राजधानी शिमला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संजौली तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करियाली, जिला शिमला के छात्र-छात्राओं ने विधानसभा सचिवालय में हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विद्यार्थियों ने उनसे संसदीय प्रणाली, विधानसभा तथा स्पीकर के चुनाव सम्बन्धित कई प्रश्न पूछे, जिसका विधानसभा अध्यक्ष ने सिलसिलेवार जवाब दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने स्वयं भी छात्रों से लोकतान्त्रिक प्रणाली, संविधान तथा हिमाचल प्रदेश विधानसभा के इतिहास सम्बन्धी प्रश्न पूछे, जिनका छात्रों ने जवाब देने का प्रयास किया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा संसदीय प्रणाली पर पूछे गए प्रश्न का जवाब देते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी संसदीय प्रणाली संघीय ढाँचे पर आधारित है, जिसमें संघ तथा राज्य शामिल हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमारे देश में बहुदलीय प्रणाली प्रचलित हैं, जहां पार्टियां अपने अपने प्रत्याशियों को चुनाव में उतारती है तथा जनता मतदान के जरिए उनका चुनाव करती है। विधानसभा सदस्य सदन में आयोजित सत्रों के दौरान अपने अपने क्षेत्र से सम्बन्धित समस्याओं को प्रश्नों तथा विभिन्न नियमों के तहत उठाते हैं, जिसका सरकार जवाब देती है उसमें कई सदस्य सरकार के जवाब से संतुष्ट होते हैं कई असंतुष्ट भी रहते हैं। 
कुलदीप पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में विधानसभा सदस्यों की 68 सीटों का प्रावधान है। पठानिया ने बच्चों से रूबरू होते हुए कहा कि जिस दल की सीटों की संख्या 35 या इससे अधिक होती है वह सरकार का गठन करते है। उन्होंने कहा कि सबसे पहले मंत्रीमण्डल का गठन किया जाता है, जिसमें मुख्यमंत्री तथा मंत्री शामिल होते हैं तथा मुख्यमंत्री सरकार का मुखिया होता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्यपाल, मंत्रीपरिषद की सलाह पर कार्य करते हैं। स्पीकर विधान सभा के चुनाव पर विधानसभा अध्यक्ष ने बच्चों को अवगत करवाते हुए कहा कि विधान सभा में स्पीकर का चुनाव विधानसभा सदस्यों द्वारा किया जाता है। यह प्रक्रिया काफी दिलचस्प है। सबसे पहले, सदन का सबसे वरिष्ठ सदस्य, प्रोटेम स्पीकर, चुनाव प्रक्रिया की शुरूआत करता है। फिर, स्पीकर पद के लिए उम्मीदवारों का नामांकन होता है। अगर सिर्फ एक ही उम्मीदवार है तो उन्हें निर्विरोध स्पीकर चुन लिया जाता है। लेकिन अगर एक से ज्यादा उम्मीदवार है तो गुप्त मतदान होता है और सबसे ज्यादा वोट पाने वाला उम्मीदवार स्पीकर बन जाता है।
विधान सभा अध्यक्ष ने सभी छात्र-छात्राओं को सदन के अन्दर होने वाली कार्यवाही देखने के लिए आमन्त्रित भी किया। उन्होंने सभी बच्चों को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *