कांग्रेस की पांच साल सें पांच लाख रोजगार देने की गारंटी का मांगा हिसाब
हाथों में पोस्टर लेकर किया परिसर में विरोध प्रदर्शन
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विपक्षी भाजपा के सदस्यों ने परिसर में धरना प्रदर्शन किया। विपक्षी भाजपा सदस्यों ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विधानसभा परिसर में रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार पर हमला बोला। विपक्षी सदस्यों ने हाथों में पोस्टर लिए नारेबाजी करते हुए विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया और सरकार से पांच लाख रोजगार का हिसाब मांगा।
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने सुक्खू सरकार पर युवाओं से किए चुनावी वादे पूरे न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां और पांच साल में पांच लाख रोजगार देने की गारंटी दी थी, लेकिन सरकार इन वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।
रणधीर शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार करीब पौने चार साल का कार्यकाल पूरा करने के बावजूद एक लाख नौकरियां तो दूर, कुछ हजार नौकरियां देकर ही अपनी पीठ थपथपा रही है। उन्होंने कहा कि इनमें भी कई नियुक्तियां नियमित नहीं हैं और युवाओं को आउटसोर्स, जॉब ट्रेनी तथा अन्य अस्थायी व्यवस्थाओं के तहत रोजगार दिया जा रहा है।
भाजपा विधायक ने आरोप लगाया कि सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय रोजगार उपलब्ध करवाने वाली कई योजनाओं को बंद कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग लाने की बात तो दूर, मौजूदा उद्योगों का भी पलायन हो रहा है।
भाजपा ने स्टार्टअप योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना
रणधीर शर्मा ने कांग्रेस की स्टार्टअप योजना को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान हर विधानसभा क्षेत्र में स्टार्टअप के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट और कुल 680 करोड़ रुपये की योजना का वादा किया गया था, लेकिन यह गारंटी भी पूरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर विपक्ष ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया है।
