Spread the love

शिमला। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान को गंगाजल से धोने और हवन किए जाने के विरोध में शिमला जिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शिमला ग्रामीण और शहरी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शेर-ए-पंजाब से रिज स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए घटना की कड़ी निंदा की। 

शिमला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि कांग्रेस बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान और देश के धर्मनिरपेक्ष चरित्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म और जाति के नाम पर समाज को बांटने की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समानता, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय की बात करती है। 

हिमराल ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खड़गे के कार्यक्रम के बाद रामलीला मैदान में गंगाजल छिड़कने और हवन किए जाने की घटना भाजपा की मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने इसे दलितों और संविधान का अपमान बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।

उधर, शिमला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि दलितों के सम्मान और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता मैदान में है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनाव के समय दलितों के साथ खड़े होने की बात करती है, लेकिन हल्द्वानी की घटना में उसका कथित दोहरा चरित्र सामने आया है। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान ने देश के सभी नागरिकों को समानता का अधिकार दिया है। कांग्रेस इसी संविधान की रक्षा के लिए अपना विरोध दर्ज कराती रहेगी। 

इस मार्चपास्ट में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अमित नंदा, महासचिव यशपाल तनाईक, सत्यजीत नेगी, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल, शहरी अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा के अलावा जैनब चंदेल, पूर्व विधायक आदर्श सूद, जिला परिषद सदस्य अनुराधा, अनिता शर्मा, प्रियंका तंवर, बलविंदर कंवर, एसके सहगल, प्रभा वर्मा, देवेंद्र ठाकुर, राजेश ठाकुर, चमन, विनीत गौतम, उषा राठौर, सुरेश नागटा, पवन ठाकुर, मोहन नेगी, सीमा चौहान, रीता भारद्वाज आदि विशेष तौर पर मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *