Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने रोहतांग टनल में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की शिलान्यास पट्टिका को हटाने की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि जब तक इस पट्टिका को उसी स्थान पर पुनर्स्थापित नहीं किया जाता, कांग्रेस प्रदेशभर में अपना धरना-प्रदर्शन जारी रखेगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस इस मामले पर अब चुप बैठने वाली नहीं है। वे शुक्रवार को जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में पार्टी कार्यकर्ताओं के धरना-प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे। 

राठौर ने कहा कि रहोतांग टनल के निर्माण में भाजपा का कोई भी योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि इस टनल का निर्माण कांग्रेस के ही प्रयासों से संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि 28 जून, 2010 को यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी ने तत्कालीन केंद्रीय मंत्री वीरभद्र सिंह की उपस्थिति में इस टनल की आधारशिला रखी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा इसके निर्माण को लेकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। कुलदीप राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया कि उनके गलत फैसलों से आज देश की अर्थव्यवस्था चौपट होकर रह गई है। देश में नोटबन्दी हो या जीएसटी, देश की विकास दर निम्न स्तर से भी नीचे चली गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार देश की स्थिति पर कोई चर्चा नहीं करती।
लाहौल-स्पीति के पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि रोहतांग टनल पर भाजपा राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार को ही इसके निर्माण का पूरा श्रेय जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने तो केवल इसका नामकरण किया है। उनका कहना था कि कांग्रेस को इसके नामकरण पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन जिन्होंने इसकी आधारशिला रखी, उनका भी पूरा सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार को चेतवानी दी कि जब तक उनकी नेता सोनिया गांधी की पट्टिका को उसी स्थान पर पुनस्थापित नहीं किया जाता, तब तक जिला कांग्रेस कमेटी यहां हर रोज डीसी कार्यालय के बाहर अपना धरना-प्रदर्शन जारी रखेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी ने कांग्रेस कार्यालय से डीसी कार्यालय तक एक रैली निकालते हुए धरना-प्रदर्शन किया और डीसी को एक ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उनके साथ कुल्लू के विधायक सुंदर ठाकुर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव व लाहौल-स्पीति के प्रभारी महेश्वर चौहान, कांग्रेस सचिव हरिकृष्ण हिमराल, डीसीसी अध्यक्ष गियाल्से ठाकुर के अतिरिक्त किरण, प्यारे लाल, नोरबू, शशि किरण और कई अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *