शिमला। हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को नई दिल्ली में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस संगठन की गतिविधियों के साथ-साथ राज्य के विभिन्न प्रमुख जन-मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान प्रदेश में पार्टी संगठन की वर्तमान स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने की रणनीतियों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक एवं सामाजिक घटनाक्रम, जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों और विकास कार्यों की स्थिति से भी महासचिव को अवगत कराया गया।
विक्रमादित्य सिंह ने इस अवसर पर प्रियंका गांधी वाड्रा को देवभूमि हिमाचल प्रदेश के शीघ्र प्रवास का आमंत्रण भी दिया। उन्होंने आग्रह किया कि वह प्रदेश का दौरा कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करें तथा जनता से संवाद स्थापित करें। बैठक को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिसमें आगामी राजनीतिक गतिविधियों और प्रदेश के मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
