Spread the love

ऊना। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पंचायत चुनाव संपन्न हो चुके हैं और अब सभी मतभेद भुलाकर कांग्रेस संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का समय है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कई स्थानों पर कांग्रेस समर्थक कार्यकर्ता आमने-सामने चुनाव मैदान में थे, लेकिन अब सभी को एकजुट होकर पार्टी की मजबूती के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों तथा हरोली में हुए रिकॉर्ड विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। 

वे ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरोली की बैठक को संबोधित कर रहे‌ थे। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव रंजीत सिंह राणा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देश राज गौतम, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली आज पूरे प्रदेश में विकास का ब्रांड बन चुका है। उन्होंने कहा कि विकास की गति अब और तेज होगी तथा आने वाले समय में क्षेत्र में अनेक नई विकास परियोजनाएं साकार होंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो लोग कांग्रेस की विचारधारा और विकास की राजनीति से प्रभावित हैं, उन्हें पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाए।

उप मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में चिट्टे और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन हरोली की जागरूक जनता ने विकास और विश्वास की राजनीति को समर्थन देते हुए भाजपा को करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब तथ्यों और विकास कार्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए तथा कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच जाएं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के समग्र विकास और जनहित के लिए प्रतिबद्ध है तथा हरोली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए तथा संगठन की मजबूती और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *