Spread the love

जनता ने सुक्खू सरकार की जनविरोधी नीतियों को किया खारिज, प्रदेश में भाजपा के पक्ष में बन रहा मजबूत जनमत : डॉ. बिंदल

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांगड़ा जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों के निर्विरोध निर्वाचन को प्रदेश की जनता का भाजपा के प्रति स्पष्ट जनादेश बताया है। उन्होंने कहा कि यह परिणाम साबित करता है कि हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को पूरी तरह नकार चुकी है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा जिला कांगड़ा, जिसमें 15 विधानसभा क्षेत्र और 55 जिला परिषद सीटें आती हैं, वहां कांग्रेस पार्टी की जो स्थिति बनी है, वह अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, प्रभावशाली नेता और कांग्रेस का पूरा संगठन कांगड़ा में सक्रिय होने के बावजूद जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में कांग्रेस अपना उम्मीदवार तक खड़ा नहीं कर सकी, जबकि भारतीय जनता पार्टी के दोनों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। यह कांग्रेस की राजनीतिक विफलता और भाजपा के प्रति जनता तथा जनप्रतिनिधियों के बढ़ते विश्वास का सबसे बड़ा प्रमाण है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि पंचायत और जिला परिषद चुनावों में लगातार मिल रहे परिणाम इस बात का संकेत हैं कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, वादाखिलाफी, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और विकास कार्यों की धीमी गति से पूरी तरह निराश है। जनता अब एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी को प्रदेश के विकास और सुशासन के विकल्प के रूप में देख रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेशभर में जिला परिषदों के चुनावों में कांग्रेस का लगातार सूपड़ा साफ हो रहा है और भारतीय जनता पार्टी को जनता का व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। यह परिणाम केवल स्थानीय चुनाव का नतीजा नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीतिक दिशा का स्पष्ट संकेत है कि हिमाचल में परिवर्तन की मजबूत लहर चल रही है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस जनादेश को जनता के विश्वास का प्रतीक मानती है और प्रदेश के विकास, सुशासन तथा जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी। साथ ही भाजपा सभी नवनिर्वाचित अध्यक्षों, उपाध्यक्षों एवं जिला परिषद सदस्यों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त करती है कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास को नई गति देंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *