डॉ. राजीव बिंदल बोले – कांग्रेस सरकार को घेरा भी जाएगा और उसकी किलाबंदी भी की जाएगी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ राजनीतिक और जनस्तर पर संघर्ष को तेज करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने दो महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय समितियों का गठन किया है। भाजपा ने सरकार की कथित विफलताओं, भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच उजागर करने के लिए चार्जशीट समिति तथा प्रदेशव्यापी जनजागरण और आंदोलनों के संचालन के लिए जन आंदोलन समिति का गठन किया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बुधवार को यहां कहा कि कांग्रेस सरकार अपने साढ़े तीन वर्षों के कार्यकाल में जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने में असफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनावों के दौरान किए गए अधिकांश वादे पूरे नहीं किए और प्रदेश को आर्थिक एवं प्रशासनिक संकट की स्थिति में पहुंचा दिया है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा अब सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली को लेकर व्यापक अभियान शुरू करेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को घेरा भी जाएगा और उसकी किलाबंदी भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की कथित नाकामियों, भ्रष्टाचार और जनविरोधी निर्णयों की जानकारी जनता तक पहुंचाएंगे तथा प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों पर सशक्त जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
सरकार की विफलताओं का दस्तावेज तैयार करेगी चार्जशीट समिति
भाजपा द्वारा गठित चार्जशीट समिति सरकार की नीतियों, फैसलों और वादों की समीक्षा करते हुए विस्तृत दस्तावेज तैयार करेगी। समिति कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं, भ्रष्टाचार के मामलों, अधूरे वादों और जनहित से जुड़े मुद्दों का तथ्यात्मक संकलन करेगी। इस समिति में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा सांसद प्रो. सिकंदर कुमार, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक रणधीर शर्मा, विधायक विक्रम ठाकुर, विधायक सुधीर शर्मा, विधायक बलवीर वर्मा, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य, विधायक त्रिलोक जम्वाल तथा वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा को शामिल किया गया है।
प्रदेशभर में आंदोलन की रणनीति बनाएगी जन आंदोलन समिति
भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन, जनसंपर्क अभियान, जनजागरण कार्यक्रम और आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए अलग से जन आंदोलन समिति का गठन किया है। यह समिति प्रदेश के सभी जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देगी और जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाएगी।
उधर, जन आंदोलन समिति में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, सांसद कंगना रनौत, विधायक विपिन सिंह परमार, विधायक पवन काजल, विधायक विनोद कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, विधायक एवं मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल, पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री डॉ. राजीव सैजल, प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मिधर सूद तथा विधायक डी.एस. ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनता के बीच जवाबदेह बनाने का अभियान
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का यह अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रदेश के हितों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जाने वाला व्यापक जन अभियान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को अपने हर झूठे वादे, जनविरोधी फैसले और प्रशासनिक विफलता पर जनता के बीच जवाब देना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी तथा जनता की आवाज को सशक्त रूप से उठाएगी।
