बंसल बोले – भाजपा ने राम मुद्दे पर चुनाव जीता, इस मामले पर पीएम तोड़े अपनी चुपी और देश को करें संबोधित
शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य और पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग करने की मांग भी की। साथ ही यह मांग भी की कि धर्माचार्यों, प्रतिष्ठित नागरिकों, प्रशासनिक विशेषज्ञों और स्वतंत्र सदस्यों के साथ नया पारदर्शी और जवाबदेह ट्रस्ट गठित किया जाए जो जनता के प्रति जवाबदेह हो न की किसी दल या संगठन के प्रति। साथ ही कहा कि चढ़ावे और चंदे का पूर्ण फॉरेंसिक आडिट होना चाहिए। वे शनिवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
पवन बंसल ने इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी किसी भी मुद्दे पर राष्ट्र के नाम संबोधन कर लेते हैं, लेकिन जिस राम मंदिर के मुद्दे पर भाजपा चुनाव जीती, उस मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने अब तक संबोधन नहीं किया। उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को आरटीआई के दायरे से बाहर रखने पर भी सवाल उठाए। साथ ही कहा कि जब पूरा ट्रस्ट कटघरे में है तो केवल कार्रवाई छोटे कर्मचारियों तक ही सीमित क्यों?
पवन बंसल ने कहा कि ट्रस्ट के 15 में से 12 ट्रस्टी केंद्र सरकार द्वारा मनोनीत किए गए। ट्रस्ट के गठन और प्रशासनिक ढांचे में केंद्र सरकार व पीएमओ की भूमिका रही है, तो कथित घोटाले की जवाबदेही कौन लेगा? उन्होंने कहा कि 25 जून को दर्ज एफआईआर के बाद एसआईटी ने मामले को किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं, बल्कि व्यवस्थागत विफलता बताया है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष फरवरी में तलाशी संबंधी नियमों को कमजोर किया गया, जबकि भारतीय स्टेट बैंक पहले ही ट्रस्ट को संभावित अनियमितताओं को लेकर लिखित चेतावनी दे चुका था।
कांग्रेस नेता पवन बंसल ने कहा कि 22 जनवरी 2024 की प्राण प्रतिष्ठा पर 113 करोड़ खर्च किए गए, जिसमें 8 हजार अतिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर 2025 को ध्वजारोहण कार्यक्रम में 10.12 करोड़ रुपए, जिसमें प्रधानमंत्री भी शामिल हुए। उन्होंने इन खर्चों की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि भगवान राम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था के प्रतीक हैं और उनके नाम पर जुटाए गए धन के संबंध में उठे हर सवाल का निष्पक्ष और पारदर्शी जवाब देश को मिलना चाहिए।
पवन बंसल ने कहा कि ट्रस्ट को आरटीआई के दायरे से बाहर क्यों रखा गया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल कांग्रेस 14 जुलाई से जिला स्तर पर भजन किर्तन व ब्लाक मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन करेगी। उन्होंने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मामले में देश के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस मामले में अनिल मिश्रा व चंपत राय के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की जाए। साथ ही कहा कि इस मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच करवाई जाए और हर स्तर पर जवाबदेही केवल गिनती तक समिति न की जाए। उन्होंने यह भी मांग रखी कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ ट्रस्ट को तत्काल भंग किया जाए और चढ़ावे तथा चंदे का पूर्ण फारेंसिक आडिट करवाया जाए।
