Spread the love

जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस और सार्वजनिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं के मुद्दे उठाए जाएंगे : विनय कुमार 

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि देश में शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ कांग्रेस प्रदेशभर में व्यापक जनजागरण अभियान शुरू करेगी। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस संगठन छात्रों और युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों को जनता के बीच ले जाएगा तथा नीट पेपर लीक मामले सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रही अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद करेगा।

विनय कुमार ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने छात्रों और युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर राष्ट्रव्यापी अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस ने सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस और सार्वजनिक प्रस्तुतिकरण आयोजित करें। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में बढ़ती गड़बड़ियों, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी और युवाओं के सामने खड़ी चुनौतियों को उजागर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजस्थान के कोटा में आयोजित ‘छात्रों की गूंज रैली’ के दौरान प्रस्तुत किए गए तथ्यों और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संदेश को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस का उद्देश्य छात्रों, अभिभावकों और आम जनता को यह बताना है कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में हो रही देरी ने लाखों युवाओं के भविष्य को अनिश्चितता के दौर में धकेल दिया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार हो रही धांधली से मेहनत करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है। वहीं, भर्ती प्रक्रियाओं में लंबे समय तक देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं में निराशा का माहौल पैदा कर दिया है।

विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस अपने अभियान के दौरान पेपर लीक की घटनाओं, परीक्षा प्रणाली की खामियों, भर्ती में विलंब, बढ़ती बेरोजगारी और वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को न्याय दिलाने और उनकी आवाज को मजबूती से उठाने के लिए कांग्रेस हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे इस जनजागरण अभियान को जन-आंदोलन का रूप दें और छात्रों व युवाओं के मुद्दों को गांव-गांव तथा शहर-शहर तक पहुंचाएं, ताकि शिक्षा और रोजगार से जुड़े सवाल राष्ट्रीय बहस का केंद्र बन सकें। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed