Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि केंद्रीय सहायता पर जो आंकड़े यहां केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने दिए हैं वह प्रदेश के लोगों को भ्रमित करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को केंद्र सरकार से आज दिन तक कोई भी विशेष मदद नहीं मिली है। जो भी पैसा केंद्र ने प्रदेश सरकार को दिया है वह केंद्रीय योजनाओं पर उसकी हिस्सेदारी का ही हिस्सा मिला है। 

विनय कुमार ने केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने प्रदेश को मिलने वाली विशेष आर्थिक मदद, आरडीजी बंद कर प्रदेश के हितों से जो कुठाराघात किया है, उसके लिए प्रदेश के लोग उन्हें कभी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि जीएसटी से हो रहे घाटे की एवज में भी केंद्र से प्रदेश को कोई विशेष मदद नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि जीएसटी के नए स्लैब से प्रदेश को पिछले कुछ वर्षों से लगभग 25 हजार करोड़ का नुकसान हो चुका है। जीएसटी के इस नए स्लैब से राज्य को मासिक रूप से भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रदेश अपने सीमित संसाधनों से प्रदेश में अपने सभी दायित्व को पूरा कर रहा है।

विनय कुमार ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने जो भी आंकड़े प्रस्तुत किये हैं, वह सब कागज़ी हैं। केंद्र सरकार ने प्रदेश में चल रही केंद्रीय योजनाओं के पैसे पर कटौती तक कर दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को विशेष पहाड़ी राज्य होने की वजह से कुछ योजनाओं पर 90:10 के अनुपात से पैसा मिलता था, 90 प्रतिशत केंद्र व 10 प्रतिशत की प्रदेश की हिस्सेदारी होती थी जो अब बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कर्मचारियों के पेंशन एनपीएस का 10,000 करोड़ रुपए भी केंद्र के पास लंबित पड़ा है, उसे भी वह जारी नहीं कर रहा है।

विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश के साथ जो अन्याय केंद्र की मोदी सरकार ने किया है उसका फल प्रदेश के भाजपा नेताओं को भी भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा को मुंह की खानी पड़ेगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *