Spread the love

पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और बढ़ती महंगाई के खिलाफ सुलह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने निकाली रैली 

धर्मशाला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं  हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को सुलह ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा पेट्रोल, डीजल एवं रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों के विरोध में सुलह में जोरदार रैली निकाली गई। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण करने की मांग उठाई। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आज आम जनता महंगाई से त्रस्त है, लेकिन केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है।

इस अवसर पर कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता संजय सिंह चौहान ने भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के दामों में लगातार वृद्धि होने से गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। 

संजय सिंह चौहान ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारतीय रुपया लगातार डॉलर के मुकाबले कमजोर होता जा रहा है, जिसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और आम जनता की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है, जबकि गरीब, किसान, कर्मचारी, व्यापारी और युवा वर्ग लगातार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है, जबकि देश में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज बनकर खड़ी रही है और आगे भी आम लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।

 संजय सिंह चौहान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनहित में लगातार फैसले ले रही है और आम जनता को राहत पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पारदर्शी और जनकल्याणकारी नीतियों के साथ कार्य कर रही है।

रैली मैं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सुलह के अध्यक्ष चौधरी बालकृष्ण ने कहा कि यदि केंद्र की भाजपा सरकार ने बढ़ती महंगाई और जनता की समस्याओं पर जल्द ध्यान नहीं दिया, तो कांग्रेस पार्टी इसी तरह सड़कों पर उतरकर जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का आह्वान किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *