शिमला। जिला शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत संजौली क्षेत्र में लगातार कार्रवाई करते हुए दो दिनों में चिट्टा/हेरोइन तस्करी के दो बड़े मामलों का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस थाना संजौली और स्पैशल सैल शिमला की संयुक्त टीम ने अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया है और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला 18 मई 2026 का है। उस दिन स्पैशल सैल शिमला की टीम गश्त, अपराधों की रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी के लिए लक्कड़ बाजार, संजौली, ढली तथा आसपास के क्षेत्रों में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि रवि कुमार उर्फ बंटी संजौली क्षेत्र में चिट्टा/हेरोइन बेचने का अवैध कारोबार करता है तथा संजौली चौक के आस-पास मादक पदार्थ की सप्लाई देने आने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने संजौली चौक के समीप नाकाबंदी की। इस दौरान एक संदिग्ध बुलेट मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। चालक ने अपनी पहचान रवि कुमार उर्फ बंटी (35) निवासी संजौली, जिला शिमला, के रूप में बताई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 26 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
9 ग्राम चिट्टे के साथ युवक गिरफ्तार, साथी भी पकड़ा
वहीं, दूसरे मामले में 19 मई 2026 को स्पैशल सैल शिमला की टीम संजौली क्षेत्र में गश्त और निगरानी पर तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति बाहरी राज्य से चिट्टा/हेरोइन की खेप लेकर संजौली क्षेत्र में सप्लाई देने आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने संजौली चौक के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
नाकाबंदी के दौरान सफेद रंग की एक संदिग्ध आल्टो के10 कार को जांच के लिए रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम सौरभ (27) निवासी वीपीओ धर्मपुर, तहसील ठियोग, जिला शिमला बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से लगभग 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई। इस संबंध में पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक अन्य सह-आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस जांच में सामने आया कि सौरभ और हैप्पी चंदेल मिलकर चिट्टे की खेप लेकर आए थे। इसके बाद पुलिस ने सह-आरोपी हैप्पी चंदेल (30) निवासी गांव बटाड़ा, डाकघर बागड़ी, तहसील ठियोग, जिला शिमला, को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस अब इन मामलों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने में जुटी है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
