ढली में चिट्टा सप्लाई करने पहुंचे पंजाब के दो युवक गिरफ्तार, 8 ग्राम हेरोइन बरामद
शिमला। जिला शिमला में पुलिस ने अलग-अलग थानों के तहत तीन मामलों में 21 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। साथ ही इन मामलों में पांच यवकों को भी गिरफ्तार किया है।
शिमला पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल सैल शिमला और थाना ढली पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना ढली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, गत दिनों स्पैशल सैल शिमला की टीम गश्त और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से बैमलोई, छोटा शिमला, संजौली और ढली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान ढली चौक के पास पुलिस टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि दो युवक क्षेत्र में चिट्टा/हेरोइन की सप्लाई करने के लिए घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में ढली क्षेत्र में दबिश दी। तलाशी के दौरान दो युवकों को हिरासत में लिया गया। जांच के दौरान उनके कब्जे से लगभग 8 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तरविन्द्र सिंह (22), निवासी पटियाला, पंजाब तथा मोहित कुमार (29), निवासी पटियाला, पंजाब के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों को नियमानुसार अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
ख्वारा चौकी के पास बस में युवक से 6 ग्राम चिट्टा बरामद, आरोपी गिरफ्तार
शिमला पुलिस के थाना बालूगंज की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 6 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
बताया गया कि 15 मई को स्पेशल सेल की पुलिस टीम गश्त, यातायात चैकिंग और अपराध रोकथाम ड्यूटी के दौरान एनएच-05 स्थित ख्वारा चौकी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान जांच के लिए एक बस को रोका गया। बस की तलाशी के दौरान सीट पर बैठे एक युवक के कब्जे से एक कैरी बैग बरामद हुआ। पुलिस द्वारा बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर से करीब 6 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजीव वर्मा (27) निवासी वीपीओ कण्डयाली, तहसील कुमारसैन, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में पुलिस थाना बालूगंज में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
कुमारसैन में ट्रक से 7 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
जिला शिमला के थाना कुमारसैन की डिटेक्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को चिट्टा/हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 7 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस संबंध में पुलिस थाना कुमारसैन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक गत दिनों सब डिवीजन रामपुर की डिटेक्शन टीम एनएच-05 पर बारुबाग के समीप गश्त और वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक ट्रक को जांच के लिए रोका। स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में वाहन की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान ट्रक में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से लगभग 7 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुशताक अली पुत्र हसन अली निवासी गांव भद्राश, डाकघर दत्तनगर, तहसील रामपुर, जिला शिमला तथा बलबीर पुत्र चैन राम निवासी गांव मकडोग, डाकघर कुंगल बाल्टी, तहसील ननखड़ी, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
