किन्नौर। भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2013 बैच के अधिकारी हेमराज बैरवा ने बुधवार को किन्नौर जिला के उपायुक्त का कार्यभार संभाल लिया। पदभार संभालने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि सर्वप्रथम लोगों की समस्याओं का सबके साथ मिलकर समाधान करना उनकी प्राथमिकता में रहेगा। उन्होंने कहा कि वंचितों की मदद करना व सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों को पात्र लोगों तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। बैरवा ने कहा कि किन्नौर के युवा, जिला व प्रदेश स्तर पर कैसे नए आयाम स्थापित करें, इस पर और भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इससे जिला का युवा अपना ही नहीं, बल्कि जिले का नाम भी प्रदेश व देश भर में रौशन कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि खूबसूरत जिला किन्नौर के उपायुक्त का जो दायित्व उन्हें मिला है, उस ज़िम्मेदारी को बाखूबी निभाने का प्रयास करेंगे।
