नगर निगम छोड़ बाकी निकायों के चुनाव परिणाम उसी दिन होंगे घोषित
4 नगर निगमों, 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों में होंगे चुनाव
नगर निगम के चुनाव परिणाम आएंगे 31 मई को
चार नगर निगमों के चुनाव होंगे पार्टी चुनाव चिन्ह पर
पंचायत चुनाव की घोषणा भी इसी सप्ताह संभव
शिमला। हिमाचल प्रदेश में चार नगर निगमों समेत 51 शहरी निकायों के चुनावों का ऐलान हो गया है। इन चुनावों के ऐलान के साथ ही इन सभी निकायों में आदर्श चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है। प्रदेश के चार नगर निगमों, 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों में मतदान 17 मई को होंगे और इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 अप्रैल से शुरू होगी। शहरी निकायों के चुनाव ईवीएम पर हाेंगे।
हिमाचल प्रदेश के राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को शिमला में प्रेस कांफ्रेंस में प्रदेश के 51 स्थानीय शहरी निकायों में चुनाव की घोषणा की। इन स्थानीय शहरी निकायों में 17 मई को चुनाव होंगे। इनमें से चार नगर निगमों के चुनाव नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे, जबकि सभी स्थानीय नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव नतीजे 17 मई को ही मतदान के तुरंत बाद घोषित कर दिए जाएंगे।
अनिल खाची ने कहा कि प्रदेश में जिन 51 स्थानीय शहरी निकायों में 17 मई को चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें चार नगर निगम शामिल हैं। इनमें सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी नगर निगम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि 25 नगर परिषदों में बिलासपुर जिला में तीन नगर पंचायतों बिलासपुर, घुमारवीं और श्री नैना देवी जी, चंबा जिला में दो नगर परिषदों नगर परिषद चंबा और डलहौजी में चुनाव होंगे। हमीरपुर जिला में एक नगर परिषद सुजानपुर टिहरा, कांगड़ा जिला में 5 नगर परिषदों कांगड़ा, नूरपुर, नगरोटा बागवां, देहरा और ज्वालामुखी, कुल्लू जिला में दो नगर परिषदों कुल्लू और मनाली, मंडी जिला में चार नगर परिषदों सरकाघाट, सुंदरनगर, नेरचौक और जोगिंदर नगर में चुनाव घोषित हुए हैं। उन्होंने कहा कि शिमला जिला में दो नगर परिषदों नगर परिषद रामपुर और ठियोग, सोलन में भी दो नगर परिषदों परवाणु और नालागढ़, सिरमौर जिला दो नगर परिषदों पांवटा साहिब और नाहन, ऊना जिला में दो नगर परिषदों संतोखगढ़ और मैहतपुर में चुनाव की घोषणा हुई है।
राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने कहा कि जिन 22 नगर पंचायत में 17 मई को चुनाव होने जा रहे हैं, उनमें बिलासपुर जिला की एक नगर पंचायत तलाई, चंबा जिला की नगर पंचायत चुवाड़ी, हमीरपुर जिला की नगर पंचायत भोटा, कांगड़ा जिला की नगर पंचायत शाहपुर, कुल्लू जिला की नगर पंचायत भुंतर, निरमण्ड और बंजार, मंडी जिला की नगर पंचायत रिवालसर और करसोग, शिमला जिला की 6 नगर पंचायतें सुन्नी, चौपाल, कोटखाई, जुब्बल, चिड़गांव और नेरवा, सोलन जिला में दो नगर पंचायतों अर्की और कंडाघाट, सिरमौर जिला में एक नगर पंचायत राजगढ़, ऊना जिला में चार नगर पंचायतों गगरेट, दौलतपुर चौक, टाहलीवाल और अम्ब शामिल हैं। इन सभी में 17 मई को मतदान के बाद चुनावी नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।
अनिल खाची ने कहा कि 4 नगर निगमों के चुनाव नतीजे 31 मई को इसलिए घोषित किए जाएंगे ताकि इसी दौरान होने वाले खासकर जिला परिषद और बीडीसी के चुनावों पर इन नगर निगमों के चुनाव परिणामों का कोई असर न पड़े। उन्होंने कहा कि स्थानीय शहरी निकायों के कुल 449 वार्डों में चुनाव होंगे। इनमें से चार नगर निगमों में 64 वार्डों, 25 नगर परिषदों में 229 वार्डों और 22 नगर पंचायतों में 156 वार्डों में चुनाव होंगे।
अनिल खाची ने कहा कि चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन सभी स्थानीय शहरी निकायों के क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से आदर्श चुनाव आचार संहिता का कड़ाई से पालन करने की अपील की है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि नगर निगम चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों के लिए चुनाव खर्च एक लाख रुपये, नगर परिषद का चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार के लिए चुनावी खर्च 75000 रुपये और नगर पंचायत चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार के लिए चुनाव खर्च 50000 रुपये अधिकतम तय किया गया है।
अनिल खाची ने कहा कि राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की घोषणा भी इसी सप्ताह की जा सकती है।
इस प्रकार रहेगा चुनाव कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि 51 स्थानीय शहरी निकायों के चुनाव के लिए 29 अप्रैल, 30 अप्रैल तथा 2 मई को सुबह 11 से 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को होगी और 6 में को दोपहर बाद 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों में चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से 3 बजे तक होगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदान की समाप्ति के तुरंत बाद वोटों की गिनती आरंभ हो जाएगी तथा गिनती पूरी होने पर चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी स्थानीय शहरी निकायों में मतदान और मतगणना के 48 घंटे के दौरान ड्राई डे रहेगा और इस दौरान किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
चार नगर निगमों के चुनाव होंगे पार्टी चुनाव चिन्ह पर
अनिल खाची ने कहा कि प्रदेश के चार नगर निगमों सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी में 17 मई को होने जा रहे चुनाव पार्टी चुनाव चिन्ह पर होंगे, जबकि नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव स्वतंत्र चुनाव चिन्ह पर होंगे। इन 51 शहरी निकायाें में 449 पदाें पर चुनाव हाेंगे, जिनमें 89 पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं और 12 पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किए गए हैं। 195 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
शहरी निकायों के चुनाव में 3 लाख 60 हजार 859 मतदाता डालेंगे वाेट
इन शहरी निकायों के चुनाव में 3 लाख 60 हजार 859 मतदाता वाेट डालेंगे। इनमें 1 लाख 80 हजार 963 पुरूष और 179882 महिला मतदाता शामिल हैं। इसके अलावा 14 अन्य मतदाता हैं। इनमें 1808 ऐसे मतदाता हैं जाे पहली बार वाेट डालेंगे, जाे 18 साल के हैं।
इन चनुावाें के लिए आयाेग ने 589 मतदान केंद्राें काे स्थापित किया है। आयाेग ने रिटर्निंग अधिकारियाें काे निर्देश जारी किए हैं कि जिन मतदान केंद्राें पर मतदाताओं की संख्या ज्यादा है उन मतदान केंद्राें में सहायक मतदान केंद्र बनाए जाएं और वे उसी भवन में बनाए जाएंगे।
