Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने आखिर अपने पदाधिकारियों को कार्य का आवंटन कर ही दिया है। पिछले कुछ माह से इसका आंवटन नहीं हो पाया था और इसका असर जिलों में पार्टी की गतिविधियों पर भी पड़ रहा था। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण गतिविधियां सीमित थी, लेकिन अब गतिविधियां बढ़ गई हैं और इसे देखते हुए पार्टी ने अपने राज्य पदाधिकारियों के जिलों के कामकाज की जिम्मेदारी सौंपी दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों व महासचिवों को जिलों व ज़ोन के दायित्व सौंप दिए हैं।
प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) रजनीश किमटा ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत चंबा जिले का प्रभार पूर्व सासंद चंद्र कुमार व महासचिव रघुवीर बाली को सौंपा है। जिला कांगड़ा में तीन ज़ोन बनाए गए हैं। इसके तहत पालमपुर ज़ोन, जिसमें पालमपुर, सुलह, जयसिंहपुर, नगरोटा बगवां, बैजनाथ ब्लॉक है, का प्रभार पूर्व विधायक अनिता वर्मा व अजय सोलंकी को दिया गया है। कांगड़ा ज़ोन में धर्मशाला, कांगड़ा, ज्वालामुखी, जसवां-परागपुर और देहरा ब्लॉक का प्रभार पूर्व विधायक राम कुमार व संजय अवस्थी को दिया गया है। नूरपुर ज़ोन में नूरपुर, जवाली और फतहपुर ब्लॉक का प्रभार विधायक राजेंद्र राणा व आश्रय शर्मा को सौंपा गया है। राजेंद्र राणा को राजीव गांधी पंचायती राज सगंठन का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है। वहीं, लाहौल-स्पीति का प्रभार विधायक सुंदर ठाकुर व महेश्वर चौहान को सौंपा गया है, जबकि जिला कुल्लू का प्रभार विधायक रामलाल ठाकुर व विनोद सुल्तानपुरी को सौंपा गया है।
किमटा ने कहा कि जिला मंडी के जोगिन्दर नगर ज़ोन में जोगिंदर नगर, सरकाघाट, सराज, दरंग व धर्मपुर ब्लॉक का प्रभार पूर्व विधायक हर्ष महाजन व विधायक विक्रमादित्य सिंह को सौंपा गया है। विक्रमादित्य को इसके अतिरिक्त यूथ कांग्रेस की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। मंडी ज़ोन में मंडी, सुंदरनगर, नाचन, बल्ह व करसोग ब्लॉक का प्रभार विधायक विनय कुमार व सुमन वर्मा को सौंपा गया है। वहीं, हमीरपुर जिले का प्रभार विधायक पवन काजल और विक्रम शर्मा डिककी को सौंपा गया है। पवन काजल को ओबीसी का अतिरिक्त जिम्मा भी सौंपा गया है। ऊना जिले का प्रभार विधायक लखविंदर राणा व आशीष बुटेल को सौंपा गया है। उधऱ, बिलासपुर जिले का प्रभार विधायक हर्षवर्धन चौहान व इंद्र दत्त लखनपाल को दिया गया है। इसके अतिरिक्त आईडी लखनपाल प्रदेश कांग्रेस ट्रेनिंग कार्यक्रम को भी देखेंगे।
रजनीश किमटा के मुताबिक सोलन जिले का प्रभार विधायक नंद लाल व केवल सिंह पठानिया को सौंपा गया है। जबकि सिरमौर जिले का प्रभार डॉ. कैलाश पराशर व विधायक मोहन लाल ब्राक्टा को सौंपा गया है। वहीं, शिमला ग्रामीण ज़ोन में ठियोग, कुसम्पटी, शिमला ग्रामीण व चौपाल ब्लॉक को पूर्व विधायक गंगू राम मुसाफिर व चेतराम ठाकुर को सौंपा गया है। मुसाफिर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशासन का भी अतिरिक्त जिम्मा सौंपा गया है। रामपुर ज़ोन में रामपुर, रोहड़ू व जुब्बल-कोटखाई ब्लॉक को पूर्व विधायक ठाकुर सिंह भरमौरी व विधायक जगत सिंह नेगी को सौंपा गया है। शिमला शहरी का पूर्व विधायक रवि ठाकुर व देवेंद्र जग्गी को सौंपा गया है। किन्नौर जिले का प्रभार केहर सिंह खाची व चंद्र प्रभा नेगी को सौंपा गया है। वहीं, गीता नेगी को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन, सुनील शर्मा को आईटी विभाग व वीरेंद्र धर्माणी को लीगल, ह्यूमन विभाग का दायित्व सौंपा गया है। किमटा ने बताया है कि कांग्रेस के शेष बचे संगठन और विभाग जो किसी को नहीं सौंपे गए हैं, उन सब को प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ही देखेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *