Spread the love

कांग्रेस पार्टी हर वर्ग को दे ‌रही लाभ: जगत नेगी 

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने शनिवार को किन्नौर जिला के पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत स्पीलो पहुंचकर 1 करोड 15 लाख रुपये की लागत से बने स्पीलो गांव के लिए सर्म्पक सडक का शुभारंभ किया एवं 1 करोड 10 लाख रुपये की से निर्मित हुए स्पीलो बाजार में पार्किंग का उद्घाटन किया तथा 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित उठाऊ सिंचाई योजना का लोकार्पण किया। 

जगत सिंह नेगी ने देवी मदिंर स्पीलो के प्रांगण में जनसभा को सम्बोधित करते हुए बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006, सूचना का अधिकार अधिनियम-2005, मनरेगा अधिनियम 2005, खाघ सुरक्षा अधिनियम तत्कालीन कांग्रेस सरकार की देन है। उन्होंने बताया कि वन अधिकार अधिनियम-2006 को लाने का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समुदाय के निर्धन एवं भूमिहीन लोगों को जमीन उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार वन अधिकार अधिनियम-2006 के माध्यम से जनजातीय लोगों को लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नौतोड़ अधिनियम-1968 स्वर्गीय मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की देन है, जिससे जन-जातीय लोगों व उपेक्षित वर्गों को भूमि का मालिकाना हक प्राप्त हुआ है। उन्होंने जिला के भूमिहीन लोगों से आग्रह किया कि वे इस अधिनियम का लाभ उठाएं और ‌ वर्तमान प्रदेश सरकार की सर्वस्पर्शी नीतियां हर ‌ वर्ग को आर्थिक तौर पर मजबूत कर रही है। 

राजस्व मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदाओं के समय प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत प्रदान करने के लिए संवेदनशीलता से आपदा प्रभावितों को संशोधित राज्य आपदा मैनुअल  के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार अधिकतम आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, ताकि कठिन परिस्थितियों में किसी भी परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। 

जगत सिंह नेगी ने बताया कि जिला किन्नौर के दुर्गम स्थानों को संपर्क सड़कों से जोड़ने का कार्य हो या जिला के विद्यालयों में गुणात्मक शिक्षा व नवीन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करवाना हो हर क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला किन्नौर जहां पर्यटन की दृष्टि से अहम है वहीं सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण स्थान है। बॉर्डर-टूरिज्म को खोलने से जहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, वहीं सेना के लिए भारत की सीमा तक का सफर कम होगा और बॉर्डर-टूरिज्म में इज़ाफा होगा। इसके अलावा युवाओं को रोजगार व स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।

राजस्व मंत्री ने बताया कि प्रदेश में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने की दिशा में राज्य सरकार द्वारा इस वर्ष से पहली से आठवीं कक्षा तक अंग्रेजी मीडियम में शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा विद्यालयों में शिक्षा से संबंधित नवीनतम उपकरण प्रदान किए गए हैं तथा शिक्षकों को भी गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि शिक्षा के क्षेत्र में हमारा हिमाचल श्रेष्ठ बन सके।

इससे पूर्व, बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह में पूह ब्लॉक के प्रभारियों एवं ग्राम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ हुए बैठक की अध्यक्षता की तथा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पार्टी से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

इस अवसर पर कार्यकारी अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी पूह घनश्याम दास शर्मा, किनफैड के अध्यक्ष चन्द्र गोपाल नेगी, जिला कांग्रेस सचिव अधिवक्ता निर्मल चन्द्र नेगी, जन-जातीय सलाहकार समीति के सदस्य केसर नेगी, एपीएमसी शिमला-किन्नौर के निदेशक प्रेम नेगी, जिला भूतपूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष इन्द्र सिंह नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेष नेगी, खण्ड विकास अधिकारी इन्द्र नेगी तहसीलदार पूह भीम सैन नेगी, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, उपनिदेशक बागवानी डॉ. शमशेर सिंह ढेहरू, थाना प्रभारी पूह देव राज ठाकुर, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *