बटवाड़ा में जनसम्पर्क के दौरान बोले राकेश जमवाल जनविरोधी निर्णयों के लिए जाने जाएंगे मुख्यमंत्री सुक्खू
सुन्दरनगर। कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी मे जमीन-आसमान का अंतर है। बटवाड़ा में जनसम्पर्क के दौरान भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश को जानबूझकर बदहाली की ओर धकेल रही है। एक तरफ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश पर आर्थिक संकट का रोना रो रहे हैं, वहीं दूसरी ओर अपने मित्रों, चहेतों और पार्टी के आसीन नेताओं को लाभ वाले पदों पर बैठाकर जनता के पैसे की खुली लूट करवाई जा रही है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि बटवाड़ा पटवार सर्कल को डि-नोटिफाई करना कांग्रेस सरकार की जनविरोधी और बदले की राजनीति का जीता-जागता उदाहरण है। जिस क्षेत्र तक भाजपा सरकार के समय सड़क पहुंचाई गई, बस सेवा शुरू की गई और लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं, आज उसी क्षेत्र को प्रशासनिक रूप से कमजोर करने का काम किया जा रहा है। कांग्रेस सरकार का एजेंडा विकास नहीं, बल्कि भाजपा के कामों को खत्म करना है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल बहानों की राजनीति कर रही है। कभी आर्थिक संकट, कभी केंद्र पर आरोप और कभी कानूनी प्रक्रियाओं को हथियार बनाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को रोकने का प्रयास, यही इस सरकार की कार्यशैली बन चुकी है। प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं, जनता परेशान है, लेकिन सरकार को केवल सत्ता बचाने की चिंता है।
जम्वाल ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनाव न करवा कर कांग्रेस सरकार लोकतंत्र की आत्मा का गला घोंट रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मुख्यमंत्री सुक्खू पंचायत चुनावों से क्यों भाग रहे हैं? क्या उन्हें जनता के फैसले पर भरोसा नहीं है? न तो प्रदेश की जमीनी हकीकत को समझा जा रहा है, न ही चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का सम्मान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक बात यह है कि एक ओर सरकार आर्थिक संकट का हवाला देती है, वहीं दूसरी ओर पंचायत चुनाव रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट में महंगे और बड़े वकील खड़े कर दिए जाते हैं। क्या यही, जनता के पैसे का जिम्मेदाराना उपयोग है? इससे साफ हो जाता है कि कांग्रेस सरकार का संकट आर्थिक नहीं, बल्कि राजनीतिक है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि आज प्रदेश की पंचायतें बेसहारा हैं, ग्रामीण विकास रुका हुआ है और आम जनता त्रस्त है। कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र को कमजोर कर हिमाचल की परंपराओं को ठेस पहुंचाई है। भाजपा ने हमेशा गांव, गरीब और पंचायती व्यवस्था को सशक्त करने का काम किया है, जबकि कांग्रेस सरकार उसे खत्म करने पर आमादा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा इस लोकतंत्र-विरोधी, विकास-विरोधी और जनविरोधी नीति के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और हिमाचल की जनता को कांग्रेस सरकार की सच्चाई से अवगत कराती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब सब समझ चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस को इसका करारा जवाब मिलेगा।
