शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता चरनजीत सिंह सपरा ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी देशभर में राष्ट्रीय स्तर पर टैलेंट हंट कार्यक्रम आयोजित कर रही है, जिसके माध्यम से युवाओं को राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर पर नेतृत्व व मीडिया संवाद के लिए तैयार किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य पार्टी की मीडिया रणनीति को मजबूत करना और प्रशिक्षित, ऊर्जावान युवाओं को संगठन से जोड़ना है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सपरा ने बताया कि इस टैलेंट हंट के अंतर्गत पार्टी के मीडिया कोऑर्डिनेटर, पैनलिस्ट, प्रवक्ता तथा अनुसंधानकर्ता (रिसर्चर) जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए नियुक्तियां की जानी हैं। इसके लिए हिमाचल प्रदेश में भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है और वर्तमान में उनके साक्षात्कार लिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस युवाओं को केवल अवसर ही नहीं दे रही, बल्कि उन्हें राजनीतिक विमर्श, मीडिया संवाद और संगठनात्मक कार्यों के लिए सक्षम बनाने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा और उनकी दक्षता व क्षमता के अनुसार उन्हें विभिन्न दायित्व सौंपे जाएंगे।
सपरा ने बताया कि नियुक्ति के बाद चयनित युवाओं को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे पार्टी की नीतियों, कार्यक्रमों और विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता के समक्ष रख सकें। उन्होंने कहा कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस की एक सशक्त और संगठित मीडिया टीम मिलेगी, जो प्रदेश में पार्टी के पक्ष को मजबूती से प्रस्तुत करेगी और भाजपा सरकार की नीतियों का तथ्यों के साथ जवाब देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को नेतृत्व के नए अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह पहल आने वाले समय में पार्टी की संचार व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगी।
