Spread the love

बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी 100 से अधिक समस्याओं का मौके पर समाधान

अधिकारी जनता के प्रति संवेदनशीलता से करें कार्य – धर्माणी 

बिलासपुर। घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पलासला ग्राम पंचायत की ग्राम मुण्डखर में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यवसाय एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने की। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से संबंधित 100 से अधिक समस्याएं सामने आईं। 

तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि शेष प्रकरणों को त्वरित निपटारे के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। उन्होंने कहा कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम जनता को उनके घर-द्वार पर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध करवाना और समस्याओं का समयबद्ध व प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में पंचायत स्तर पर समस्याएं सुनी गईं और अब दूसरे चरण में शेष मामलों के समाधान के लिए अभियान दोबारा शुरू किया गया है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सहायता और योजनाओं से वंचित न रहे।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों में वर्षों से लंबित मामलों के निपटारे के लिए विशेष अभियान चलाया है, जिसके तहत अब तक पूरे प्रदेश में 5 लाख 20 हजार से अधिक मामलों का समाधान किया जा चुका है। शेष लंबित मामलों को भी युद्ध स्तर पर निपटाने के लक्ष्य के साथ, जहां-जहां पद रिक्त हैं वहां सेवानिवृत्त अधिकारियों को अस्थायी रूप से तैनात कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। 

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे जनता के प्रति संवेदनशील रहते हुए पात्र व्यक्तियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाएं। मंत्री ने कहा कि सरकार का वास्तविक स्वरूप केवल जनप्रतिनिधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि फील्ड में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी सरकार का प्रतिनिधि है। यदि जमीनी स्तर पर ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए, तो अधिकांश समस्याओं का समाधान पंचायत या कार्यालय स्तर पर ही संभव है।

धर्माणी ने क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान मुण्डखर गांव और आसपास के क्षेत्रों में सड़कों, विद्यालय भवनों, रेन शेल्टर, डंगे, नालियों तथा अन्य आधारभूत संरचना पर 1.33 करोड़ रुपए से अधिक स्वीकृत कर व्यय किए गए हैं। सड़कों के निर्माण और सुधार पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि ग्रामीणों को अस्पताल, बाजार और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सके।

तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। अनाथ बच्चों के लिए विशेष संरक्षण एवं पुनर्वास, शिक्षा सहायता, श्रमिकों के लिए आवास सहायता तथा किसानों और पशुपालकों के लिए आर्थिक सहयोग जैसी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद वर्ग को सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने लोगों से योजनाओं की सही जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डीएसपी विशाल वर्मा, खंड विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *