Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 14 से 16 जनवरी, 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले 28वें राष्ट्रमण्डल देशों के स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों (सीएसपीओसी) के सम्मेलन में भाग लेंगे। इस सम्मेलन के लिए वे बुधवार को चण्डीगढ़ से वायु मार्ग द्वारा नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन भारतीय संसद द्वारा संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इसमें राष्ट्रमण्डल के सदस्य देशों की संसदों के स्पीकर और पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमण्डल स्पीकरों और पीठासीन अधिकारियों का यह मंच वर्ष 1969 में कनाडा के तत्कालीन हाउस ऑफ कॉमन्स के स्पीकर की पहल पर स्थापित किया गया था।

सीएसपीओसी सम्मेलन राष्ट्रमण्डल के संप्रभु 53 देशों की राष्ट्रीय संसदों के स्पीकरों और पीठासीन अधिकारियों को एक साझा मंच पर लाता है। इस बार सम्मेलन में कुल 53 कॉमनवेल्थ देशों के स्पीकर एवं पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं। इनमें 23 द्विसदनीय संसदें और 30 एकसदनीय संसदें शामिल हैं। सम्मेलन में स्पीकर/पीठासीन अधिकारियों की कुल संख्या 76, जबकि क्लर्क/सैक्रेटरी जनरल की संख्या 71 है।

सम्मेलन का उद्घाटन समारोह 15 जनवरी, 2026 को प्रातः 10:30 बजे संविधान सदन के केन्द्रीय हॉल में आयोजित किया जाएगा। इस ऐतिहासिक सम्मेलन का शुभारम्भ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे तथा वे इस अवसर पर प्रमुख सम्बोधन भी देंगे।

सम्मेलन के दौरान निर्धारित छह महत्वपूर्ण कार्यसूचियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा, जिनका उद्देश्य लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी तथा जनोन्मुखी बनाना है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया “लोगों की संसद को आकार देने, प्रभावी और सार्थक लोकतन्त्र को बढ़ावा देने तथा लोकतांत्रिक संस्थानों में जनता के विश्वास को मजबूत करने में स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों की भूमिका” विषय पर अपना सम्बोधन प्रस्तुत करेंगे।

इस सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी भाग लेंगे। सम्मेलन में हिमाचल प्रदेश विधानसभा की सक्रिय भागीदारी से राज्य का संसदीय अनुभव और लोकतांत्रिक दृष्टिकोण अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत होगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *