Spread the love

शाहपुर के चम्बी मैदान में एंटी-चिट्टा जागरूकता रैली का हुआ आयोजन 

धर्मशाला। विधानसभा उप मुख्‍य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह बात उन्होंने रविवार को स्वास्थ्य विभाग और हेल्थ एंड यूथ स्पोर्टस अकैडमी रैत द्वारा चम्बी मैदान में आयोजित एंटी-चिट्टा जागरूकता रैली को संबोधित करने के उपरांत कही। 

पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में नशे के विरुद्ध शिमला के रिज मैदान से आरंभ की गई निर्णायक और ऐतिहासिक मुहिम भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह स्पष्ट संदेश है कि नशा बेचने वाले और नशा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि चिट्टा जैसी घातक नशा सामग्री युवाओं के भविष्य को नष्ट कर रही है और इसके खिलाफ सामूहिक लड़ाई ही एकमात्र समाधान है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन नशे के नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार कड़े कदम उठा रहे हैं, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी जब समाज भी पूरी जिम्मेदारी के साथ इस लड़ाई में साथ खड़ा हो।

इस अवसर पर खेलों का भी आयोजन किया गया, जिसमें दौड़ सहित विभिन्न प्रतिस्पर्धाएं आयोजित हुईं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया।

एंटी-चिट्टा अभियान के तहत आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों एवं संस्थानों को सम्मानित भी किया गया। प्रतियोगिता में शाहपुर कॉलेज ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पहला स्थान प्राप्त किया, जिसे 11 हज़ार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। डडम्भ स्कूल ने दूसरा स्थान हासिल किया तथा टीम को 5100 रुपये प्रदान किए गए। वहीं रेत स्कूल ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए 3100 रुपये की प्रोत्साहन राशि हासिल की।

2.40 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा चम्बी मैदान का सौंदर्यीकरण : पठानिया 

विधानसभा उप मुख्य सेचतक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि चम्बी मैदान में 2 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से कार्य प्रगति पर है, जिसके अंतर्गत मैदान का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। इसी के तहत लड़कियों के लिए आधुनिक चेंजिंग रूम भी यहां निर्मित किए जाएंगे, जिससे खेल सुविधाओं में और अधिक सुधार होगा।

इस अवसर पर एसडीएम करतार चंद, सीएमओ डॉ. विवेक करोल, एमओएच डॉ. राजेश सूद, बीएमओ डॉ. कविता ठाकुर, रैली में स्थानीय युवाओं, स्कूल के छात्र, अभिभावकों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *