Spread the love

विधानसभा भवन तथा परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिए निर्देश

तपोवन में विधानसभा का शीतकालीन सत्र 26 नवंबर से 05 दिसंबर तक होगा आयोजित

धर्मशाला। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि तपोवन में शीतकालीन सत्र के दौरान सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरती जाएगी तथा सीसीटीवी तथा ड्रोन कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। सत्र के दौरान तपोवन विधान सभा भवन तथा परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सुरक्षा पूर्व की भांति चाक चैबंद रहेगी। हिमाचल प्रदेश सरकार तथा विधानसभा सचिवालय के अधिकारियों तथा कर्मचारियों को जारी किए गए शासकीय पास प्रमुखता से प्रदर्शित करने होंगे ताकि सुरक्षा कर्मियों को फ्रिस्किंग की कम से कम आवश्यकता रहे। 

सोमवार को तपोवन विधानसभा भवन में शीतकालीन सत्र की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की चैदहवीं विधान सभा का दसवां सत्र 26 नवंबर, 2025 से 05 दिसम्बर, 2025 तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस सत्र में कुल 8 बैठकें होगी तथा 04 दिसम्बर, 2025 का दिन गैर सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किया गया है। सत्र के दौरान 29 नवम्बर तथा 30 नवंबर 2025 को अवकाश रहेगा। इस वर्ष में बजट सत्र में 15, मानसून सत्र में 12 तथा शीतकालीन सत्र में आठ बैठकों के साथ कलेंडर वर्ष में कुल 35 बैठकें पूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह विधानसभा सत्र तपोवन में आयोजित होने वाला सबसे लंबा सत्र होगा इससे पहले 2005 में सात दिनों का सत्र धर्मशाला में आयोजित किया गया था।

पठानिया ने कहा कि शीतकालीन सत्र की तैयारियों के लिए जिला प्रशासन जिलाधीश काँगडा की अध्यक्षता में पहले भी बैठकें कर चुके हैं, लेकिन सत्र के दृष्टिगत आज उनकी अध्यक्षता में पहली बैठक का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि तपोवन भवन में मुरम्मत तथा साफ- सफाई का कार्य समय रहते पूर्ण किया जाएगा। सत्र में भाग लेने आ रहे पक्ष तथा प्रतिपक्ष के माननीय सदस्यों की ठहरने की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से एंबुलेस तथा एक डॉक्टर व पैरा मेडिकल स्टॉफ के कर्मचारी भी तपोवन परिसर में डयूटी पर तैनात रहेंगे। 

कुलदीप पठानिया ने कहा कि विधानसभा भवन के अन्दर मोबाईल, लैपटॉप तथा अन्ध इलैक्ट्रॉनिक वस्तु के ले जाने पर पूर्णतः प्रतिबन्ध रहेगा। तपोवन विधानसभा भवन तथा परिसर को कृत्रिम दुधिया रोशनी से सुसज्जित किया जाएगा। जिलाधीश काँगड़ा, पुलिस अधीक्षक काँगड़ा, उप-निदेशक पर्यटन, महाप्रवन्धक दूर संचार धर्मशाला, मुख्य चिकित्सक अधिकारी धर्मशाला, आयुक्त नगर निगम धर्मशाला, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण विभाग, अधिशाषी अभियन्ता जल शक्ति विभाग, अधिशाषी अभियन्ता विद्युत, अधिशाषी अभियन्ता लोक निर्माण (विद्युत), उप निदेशक जन सम्पर्क विभाग धर्मशाला तथा क्षेत्रीय प्रबन्धक पथ परिवहन निगम धर्मशाला को सत्र से सम्बन्धित कार्य समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए है ताकि सत्र का कार्य बिना व्यवधान के अविलम्ब चलता रहे। इस अवसर पर मंडलायुक्त विनोद कुमार, विधानसभा सचिव, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल, एडीएम शिल्पी बेक्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed