Spread the love

शिमला‌। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को शिमला ग्रामीण हलके के टुटू और मज्याठ में विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान लोक निर्माण मंत्री के समक्ष स्थानीय लोगों ने तवी मोड़ पर चौक निर्माण की मांग रखी है। बरसात के दिनों में सड़क की खराब ड्रेनेज की वजह लोगों से घरों को पानी प्रभावित करता है।

लोक निर्माण मंत्री ने एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर निर्देश दिए कि चौक के बीच में गुमटी बनाए। इस पर साइनेज भी प्रदर्शित किए जाएंगे ताकि वाहन चालकों को सही सूचना मिल सके। उन्होंने तवी मोड़ से एनएच तक निर्माणाधीन ड्रेन के कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पावर हाउस के पास रेन शेल्टर के समीप साइनेज स्थापित करने के निर्देश दिए। 

न्यू टुटू में बिजली बोर्ड के कार्यालय के पास प्रस्तावित पार्किंग की भूमि को लेकर लोक निर्माण मंत्री ने बोर्ड के अधिकारियों को विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय में भेजने के निर्देश दिए।

आयुर्वेदिक हेल्थ सेंटर के लिए भूमि चयन को लेकर कैबिनेट मंत्री के समक्ष विभाग के अधिकारियों ने जानकारी रखी। अभी सेंटर निजी भवन में कई वर्षों में चल रहा है। इस वार्ड में कोई भी हेल्थ सेंटर नहीं है। उन्होंने उपयुक्त भूमि चयन के निर्देश राजस्व विभाग को दिए।

विक्रमादित्य सिंह ने टुटू में प्रस्तावित कम्युनिटी सेंटर कम पार्किंग को लेकर लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि इसका नक्शा साइट इंस्पेक्शन करके तुरंत तैयार करें। इसके अलावा, उन्होंने मज्याठ रेन शेल्टर का निरीक्षण, विजय नगर से शिव नगर तक मार्ग का निरीक्षण, हैंड पंप से राजकीय प्राथमिक स्कूल मज्याठ, देव नगर में पार्किंग, प्रस्तावित तवी से मज्याठ मार्ग को लेकर भी फीडबैक ली।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि दोनों वार्ड उनके विधानसभा क्षेत्र में आते है और यहां पर करोड़ों रुपए के विकासात्मक कार्य चल रहे हैं तथा नए कार्यों के प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। इन वार्डों के काफी अधिक लोग भी रहते हैं। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ कार्यालय के समीप पार्किंग की मांग स्थानीय लोगों की लंबे समय से थी और इसके लिए लोक निर्माण विभाग कार्य कर रहा है। नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने के बाद विभाग इसका निर्माण करवाएगा।

उन्होंने कहा कि टुटू में पहले ही एक बहुमंजिला पार्किंग का लोकार्पण किया जा चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी लाभ मिल रहा है।

इस दौरान आयुक्त नगर निगम शिमला भूपिंदर अत्री, पार्षद अनीता शर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गोपाल शर्मा, पूर्व पार्षद दिवाकर शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *