Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने कहा है कि भाजपा देश के लोकतंत्र को कमजोर कर जनमत की भी चोरी कर रही है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के कई राज्यों में भाजपा के वोट चोरी के पुख्ता प्रमाण दिये हैं, लेकिन चुनाव आयोग इसकी कोई भी जांच नहीं कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि आज चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं और आयोग अपनी जवाबदेही से भाग रहा है।

ठियोग विधानसभा क्षेत्र के नारकंडा व ठियोग में शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक को सम्बोधित करते हुए रजनी पाटिल ने कहा कि कांग्रेस ने वोट चोर, कुर्सी छोड़ का जो नारा देश में दिया है उसे लोगों का भारी सर्मथन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ इस हस्ताक्षर अभियान में कांग्रेस के लोग बढ़-चढ़ कर भाग ले रहे हैं। 

रजनी पाटिल ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उन्हें पार्टी की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाती है उसे उन्हें पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि वोट चोर, कुर्सी छोड़ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान को 15 अक्टूबर तक पूरा कर इसे प्रदेश कांग्रेस कार्यलय को भेजें, जिससे इसे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जा सके। 

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि ठियोग विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान 70 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है और 15 अक्टूबर तक इसे शतप्रतिशत पूरा कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ठियोग क्षेत्र के लोग पूरी तरह कांग्रेस पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने इसके लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस सह प्रभारी विदित चौधरी, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक हरिकृष्ण हिमराल, सत्यजीत नेगी, अनिता वर्मा, नरेंद्र कंवर, रूपेश कंवल, राजेश कंवर, उज्जवल मेहता, सौरभ चौहान सहित पार्टी के कई अन्य पूर्व पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *