शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि शिमला शहर के विकास कार्यों की गति में कोई कमी नहीं आने दी जा रही है।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बुधवार को शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, शहर के अन्य नेताओं, नगर निगम के पार्षदों, पूर्व पार्षदों, शिमला व्यापार मंडल के पदाधिकारियों व अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों के साथ एक बैठक में शिमला शहर में चल रहे विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।
इस दौरान 13 अक्टूबर को रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में पार्टी नेताओं को दिशानिर्देश भी दिए गए। वहीं, शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा ने भाजपा के खिलाफ कांग्रेस के वोट चोर कुर्सी छोड़ के हस्ताक्षर अभियान को सफल बनाने का पार्टी नेताओं से आग्रह किया।
बैठक में उप महापौर उमा कौशल, सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, पूर्व महापौर मनोज कुमार, जैनी प्रेम, पूर्व कांग्रेस के पूर्व पार्षद, प्रदेश कांग्रेस एससी सेल के अध्यक्ष अमित नंदा, शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष हरजीत कुमार मंगा के अलावा पार्टी के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारियों सहित कांग्रेस पार्टी के विभिन्न नेता व कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
