कहा – दुर्भाग्य की बात यह कि हिमाचल प्रदेश में बनने वाला सीमेंट पड़ोसी राज्यों में बिकता है सस्ता
कांग्रेस सरकार लूट रही जनता का हक
सुक्खू सरकार झूठी गारंटियों के नाम पर हिमाचल प्रदेश के आर्थिक स्थिति को बदहाल करके रख दिया
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि जब पूरे देश में नवरात्र और दशहरा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से जीएसटी बचत उत्सव के माध्यम से जनता को राहत मिल रही है, तब हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार उल्टा लोगों पर टैक्स का बोझ बढ़ा रही है।
नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार ने 22 सितंबर से देशभर में जीएसटी बचत उत्सव की शुरुआत की है, जिसके अंतर्गत दैनिक जरूरत की अधिकांश वस्तुओं पर जीएसटी या तो शून्य कर दिया गया है या काफी कम कर दिया गया है। इससे आम उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को आपदा के बाद पुनर्निर्माण और घरों के निर्माण में मदद देने के लिए सीमेंट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया, जिससे सीमेंट की बोरी पर 30 रुपये तक सस्ता होना चाहिए था।
नड्डा ने कहा कि हिमाचल सरकार ने इसका लाभ जनता तक पहुंचाने के बजाय उसी दिन से सीमेंट की कीमतें और बढ़ा दीं। एंटी-डंपिंग ड्यूटी के नाम पर कांग्रेस सरकार सीमेंट की 50 किलो की बोरी पर 16 रुपये तक का अतिरिक्त टैक्स वसूल रही है।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हिमाचल प्रदेश में उत्पादित सीमेंट जब पड़ोसी राज्यों में बेचा जाता है तो सस्ता मिलता है, जबकि प्रदेश की जनता को महंगे दाम पर खरीदना पड़ रहा है। यह जनता के हक पर डाका डालने जैसा है और कांग्रेस सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सिर्फ सीमेंट ही नहीं, बल्कि पानी के बिल, स्टाम्प ड्यूटी और ग्रामीण जलापूर्ति पर भी अतिरिक्त शुल्क लगा दिया है। साथ ही बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी करके आम जनता को और परेशान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब प्रदेश प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है, तब जनता को राहत देने के बजाय सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार अपनी तिजोरी भरने में लगी है। उन्होंने कहा कि यह जनविरोधी और अमानवीय चेहरा है, जिसकी जितनी निंदा की जाए, कम है।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल की जनता को राहत देना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार टैक्स और शुल्क का बोझ डालकर लोगों को बदहाल कर रही है। नड्डा ने विश्वास जताया कि जनता समय आने पर इस जनविरोधी सरकार को सबक सिखाएगी।
